बिहार की राजधानी पटना में एजुकेटर और यूट्यूबर फैजल खान उर्फ खान सर पर केस दर्ज होने के बाद पुलिस को सरगर्मी से उनकी तलाश है। इधर ऑनलाइन कई क्लासरूम वीडियो में अपना बचाव करते और छात्रों से घटना के बारे में फैलाई जा रही बातों से गुमराह न होने की अपील करते दिखे।
फैसल खान पर मुसल्लहपुर इलाके में अपने कोचिंग इंस्टिट्यूट के बाहर भीड़ पर गार्डों से गोली चलवाने के आरोप में पुलिस ने हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने सिविल कोर्ट में भी सुरक्षा बढ़ाई
ये वीडियो ऐसे समय में सामने आए हैं जब अटकलें लगाई जा रही थीं कि फैजल खान, या तो गिरफ्तार हो जाएंगे या कोर्ट में सरेंडर कर देंगे। इन वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। ये घटनाक्रम तब सामने आया है जब शहर में कई अहम जगहों पर जैसे पटना सिविल कोर्ट परिसर में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है और साथ ही फैजल खान का पता लगाने की कोशिशें भी जारी हैं।
सूत्रों का कहना है कि कोचिंग इंस्टिट्यूट के बाहर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन की वजह से पुलिस की कार्रवाई में देरी हुई। एक अधिकारी ने कहा, “जब शुक्रवार दोपहर पुलिस मुसल्लहपुर में खान ग्लोबल स्टडीज (केजीएस) के परिसर में दाखिल हुई तो फैजल वहां नहीं थे।” अधिकारी ने आगे कहा कि बाद में वे जांचकर्ताओं के लिए उपलब्ध नहीं रहे।
दोनों गार्डों को जेल भेजा जा चुका है- एसएसपी
पुलिस अधिकारियों ने फैजल खान की गिरफ्तारी की संभावना पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करने से काफी हद तक परहेज किया। पटना के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) कार्तिकेय के.शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि वायरल वीडियो में फायरिंग करते हुए दिखे दोनों सिक्योरिटी गार्डों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। खान सर के बारे में पूछ जाने पर एसएसपी ने कहा, “पुलिस की कार्रवाई जांच के नतीजों और जांच के दौरान इकट्ठा किए गए सबूतों पर निर्भर करेगी।”
खान सर ने कहा था कि वे संभाल लेंगे
4 जून को दर्ज खान सर और उनके दो सिक्योरिटी गार्ड समेत अन्य लोगों के खिलाफ एक एफआईआर दर्ज की गई, जिसमें हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट की धारा लगाई गई है। यह एफआईआर तब दर्ज की गई जब गार्डों ने अधिकारियों को बताया कि खान सर ने उन्हें 2 जून की रात कोचिंग इंस्टिट्यूट के बाहर हुई हिंसा के दौरान भीड़ पर गोली चलाने का निर्देश दिया और कहा कि जो कुछ भी होगा, वह उसे संभाल लेंगे।
पुलिस गाड़ियों की भी ले रही तलाशी
पुलिस शुक्रवार से ही पूरे जिले में खान सर की तलाश कर रही है, वह शनिवार को भी नाकाबंदी कर सभी गाड़ियों की तलाशी ले रही है। इस बीच शुक्रवार शाम को खान सर के कोचिंग इंस्टिट्यूट के बाहर छात्रों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके कारण वहां पुलिस को तैनात किया गया। साथ ही पटना सिविल कोर्ट के सभी गेटों पर भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए।
खान सर के वकील अरविंद कुमार मौआर ने कहा कि सोमवार तक अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की जा सकती है। साथ ही अरविंद कुमार ने आरोप लगाया, “कथित घटना में कोई भूमिका न होने के बावजूद उन्हें फंसाया गया है।” साथ ही, उन्होंने उन खबरों का खंडन किया जिनमें कहा गया था कि खान अदालत के सामने सरेंडर करने वाले हैं।
यह भी पढ़ें: वकील बोले- खान सर को फंसाने और बदनाम करने की कोशिश, जमानत याचिका दाखिल करेंगे
खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टिट्यूट के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर के वकील अरविंद कुमार मव्वार का कहना है कि उनके मुवक्किल को फंसाने और बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
