Nawada News: बिहार के नवादा जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां के रोह थाना क्षेत्र के एक गांव में कथित तौर पर एक महिला से बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी गई। महिला का शव खेत से बरामद होने के बाद ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क जाम कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मृतका की पहचान उक्त गांव निवासी 40 वर्षीय महिला के रूप में हुई है। सोमवार रात वो खेत में गई थीं। वहां कथित तौर पर अपराधियों ने उनके साथ मारपीट कर रेप किया और फिर उनकी हत्या कर दी।
महिला के शव पर कोई कपड़ा नहीं था, जिससे रेप के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक दुष्कर्म के संबंध में पुष्टि से इनकार किया है। इधर, मृतका के बेटे ने आरोप लगाया है कि उसकी मां के साथ रेप किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई।
मामले में ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी व्यक्त की। उनका आरोप है कि पुलिस अपराधियों को पकड़े बिना ही शव को लेकर चली गई, जिससे उनमें गुस्सा बढ़ गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वो मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है।
मासूम से दुष्कर्म की कोशिश
गौरतलब है कि बीते दिनों बिहार के समस्तीपुर जिले से ऐसा ही एक मामला सामने आया था। यहां के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव में कथित तौर पर चार साल की एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई थी। आरोपी बच्ची का पड़ोसी शंकर सदा था।
कथित तौर पर आरोपी उसे पहले बहला-फुसलाकर अपने साथ खेत में ले गया और वहां दुष्कर्म का असफल प्रयास किया। इस दौरान उसने बच्ची के शरीर पर दांतों से काटकर कई जगहों पर जख्म कर दिया। बच्ची की स्थिति बिगड़ता देख आरोपी उसे खेत में ही छोड़कर फरार हो गया। हालांकि, बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें…
