Buxar Bride Murder: बिहार के बक्सर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां वरमाला के दौरान दुल्हन को उसके एकतरफा आशिक ने गोली मार दी और भाग गया। गोली पेट में लगी, जिस वजह से दुल्हन वहीं गिर पड़ी। आनन फानन उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए पड़ोसी राज्य के वाराणसी रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नगर चौसा पंचायत के मल्लाह टोला की है। इस संबंध में DSP गौरव पांडेय ने बताया कि परिवार ने कहा कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। जख्मी दुल्हन ने आरोपी का नाम लेकर कहा – ‘दीनबंधु ने मुझे गोली मार दी।’ घटना के बाद पीड़िता के परिवार का कहना है कि आरोपी उनकी बेटी से एकतरफा प्यार करता था।
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार की रात उत्तर प्रदेश के बलिया से बारात आई थी। शादी का सारा कार्यक्रम तय किए गए तरीके से चल रहा था। दुल्हन वरमाला के लिए रिश्तेदारों-सखियों संग स्टेज पर आई। हालांकि, इस बीच स्टेज के नीचे खड़ी महिलाओं के भीड़ से आरोपी निकला और गोली दाग दी। गोली की आवाज से मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया।
एकतरफा प्यार करता था आरोपी
स्थानीय लोगों ने कहा कि आरोपी दीनबंधू दुल्हन आरती का पड़ोसी है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। हालांकि, लड़की के घरवालों का कहना है कि वो उससे एकतरफा प्यार करता था। हमारी लड़की को उसमें कोई रुची नहीं थी। इधर, आरोपी के पिता ने कहा कि हमें इस संबंध में जानकारी नहीं थी। अगर हमें पता होता तो हम किसी भी तरह दोनों की शादी करा देते। ऐसी घटना की नौबत नहीं आती।
फिलहाल मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी के घर को खाली कराकर ताला लगा दिया है। अपर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। फारार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होगा।
