Bihar Elections 2020: जो नरेंद्र मोदी के हमशक्ल करते थे PM के लिए प्रचार, वही पर्चा भर बोले- ये है विकास की लड़ाई; ठोंक रहे CM पद के लिए ताल
चुनाव प्रचार में जुटे अभिनंदन की शक्ल पीएम मोदी से काफी मिलती झुलती है, इससे अक्सर आम आदमी गफलत में पड़ जाता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हमशक्ल अभिनंदन पाठक उर्फ नंदन (53) ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए उम्मीदवार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने वंचित समाज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में गोपालगंज जिले के हथुआ विधानसभा क्षेत्र से पर्चा दाखिल किया है। नंदन का मानना है कि बिहार में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है इसलिए खुद सीएम बनकर समाज के वंचित तबके को ऊपर उठाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘आज मैंने वंचित समाज पार्टी से 140, हथुआ विधानसभा से नामांकन दाखिल किया है। ये विकास की लड़ाई है। हथुआ विधानसभा में चुनाव जीतकर, बिहार का मुख्यमंत्री बनने का प्रयास करेंगे। हम जनता के बीच जाएंगे। जनता के पैर छुएंगे। इस सीट पर गरीब और अमीर की लड़ाई होने जा रही है।’
चुनाव प्रचार में जुटे अभिनंदन की शक्ल पीएम मोदी से काफी मिलती झुलती है, इससे अक्सर आम आदमी गफलत में पड़ जाता है। कभी-कभी उन्हें भी नरेंद्र मोदी समझने लगता है। चुनाव प्रचार कर रहे अभिनंदन कहते हैं, ‘ हथुआ पिछड़ा इलाका है और विकास के मामले में कोसों दूर है।’ पीएम से शक्ल मिलने के संदर्भ में वो कहते हैं कि ये तो महज एक संयोग है। मोदी तो सत्ता में पहुंच गए मगर उन्होंने अपना कोई वादा पूरा नहीं किया। अब देखना है कि आगे क्या होता है।
उन्होंने कहा कि वो गरीबों की लड़ाई लड़ने के लिए राजनीति में आए हैं। पाठक मूल रूप से यूपी में सहारनपुर जिले के रहने वाले हैं। वर्तमान में वो बिहार के गोपालगंज के फुलवारिया प्रखंड के सवनाहा गांव में रहते हैं।
बता दें कि अभिनंदन को कई मौके पर भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए देखा जा चुका है। हालांकि 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के खिलाफ और कांग्रेस के पक्ष में चुनाव प्रचार करने का फैसला लिया था। तब उन्होंने बताया था कि लोग पूछते हैं कि अच्छे दिन कब आएंगे। लोगों ने उनके साथ मारपीट भी की थी। इन सभी कारणों से उन्होंने भाजपा के खिलाफ प्रचार करने का फैसला लिया था।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।