बिहार में जदयू 115 और भाजपा 121 सीट पर लड़ेगी चुनाव, एनडीए ने किया औपचारिक ऐलान
बिहार में विधानसभा चुनाव तीन चरणों में 28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 7 नवंबर को होंगे तथा 10 नवंबर को मतगणना होगी। पहले चरण में 71 सीटों के लिए चुनाव होंगे।

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए ने सीटों के बंटवारे की घोषणा कर दी है। 243 सीटों वाली विधानसभा में से जनता दल यूनाइटेड के हिस्से में 122 जबकि भाजपा के खाते में 121 सीट आई हैं। जदयू के कोटे से जीतन राम माझी की पार्टी 7 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। जबकि भाजपा अपने कोटे से मुकेश सहनी विकासशील इनसान पार्टी को सीटें देगी। इसको लेकर अभी बातचीत हो रही है।
एनडीए की तरफ से सीटों की घोषणा करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि जदयू को खाते में 122 सीटें आई हैं। इसमें से जीतन राम मांझी की पार्टी को 7 सीटें दी जाएंगी। वहीं, चर्चा है कि भाजपा के खाते से 121 सीटों में से 9 सीटें वीआईपी को दी जाएंगी। सीट बंटवारे की घोषणा करते हुए सीएम नीतीश ने एक बार फिर से लालू के शासन काल की आलोचना की। नीतीश कुमार ने कहा कि कोरोना के प्रकोप से दुनियाभर के लोग प्रभावित हुए हैं लेकिन बिहार में हमने बहुत काम किया है।
इससे पहले भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने बिहार विधानसभा चुनावों को लेकर विचार-विमर्श करने तथा पार्टी के उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार की शाम यहां बैठक की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और सीईसी के अन्य सदस्य इस बैठक हिस्सा लिया था। इससे पहले केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी ने राज्य में एनडीए से अलग होने का फैसला किया था।
लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी ने एनडीए से बाहर आने का फैसला सीटों के बंटवारे को लेकर मतभेद के चलते नहीं बल्कि केवल इस तथ्य को ध्यान में रखकर लिया कि नीतीश कुमार ने भविष्य की सरकार के अपने एजेंडे में उनके ”पहले बिहार, पहले बिहारी” के विचार को जगह नहीं दी।
इससे पहले अनुमान लगाया जा रहा था कि गठबंधन में लोजपा के नहीं रहने से भाजपा और जद (यू) समान रूप से सीटों का बंटवारा करेंगे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी नीत पार्टी हम के लिए कुछ सीटों को छोड़ा जा सकता है। मालूम हो कि एनडीए ने बिहार में जद (यू) अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चुनाव के लिए गठबंधन का नेता घोषित किया है।
बिहार में विधानसभा चुनाव तीन चरणों में 28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 7 नवंबर को होंगे तथा 10 नवंबर को मतगणना होगी। पहले चरण में 71 सीटों के लिए चुनाव होंगे और इसके लिए नामांकन प्रक्रिया एक से आठ अक्टूबर के बीच चलेगी। प्रदेश विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।