बिहार में शिक्षा व्यवस्था की क्या हालत है इसकी पोल शिक्षा विभाग के ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम (HRMS) के इंटरनल ऑडिट में खुल गई है। दरअसल, इस ऑडिट में कई गड़बड़ियां सामने आई हैं। इस इंटरनल ऑडिट में बिना इजाजत पोर्टल एक्सेस, ज्यादा सैलरी अलाउंस और सीधे बैंक ट्रांसफर जैसी गड़बड़ियां पाई गई हैं।
नवादा, पटना और भागलपुर जिले के स्कूलों में हुए इस ऑडिट ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था में वित्तीय पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस ऑडिट में सैलरी रिकॉर्ड में हेराफेरी, HRMS पोर्टल के लॉगिन के दुरुपयोग और फर्जी शिक्षकों के नाम पर भुगतान के चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
करीब 2 करोड़ रुपये की गड़बड़ी की बात आई सामने
इस ऑडिट के बाद सरकार ने राज्य के सभी 38 जिलों में ऑडिट कराने का फैसला किया है। ऑडिट की रिपोर्ट के मुताबिक, बिना अनुमति पोर्टल एक्सेस करना, वेतन में अनधिकृत भत्ते जोड़ना और फर्जी शिक्षकों के नाम पर सरकारी धन के भुगतान करने जैसे मामले सामने आए हैं। नवादा, पटना और भागलपुर से सामने आए तीन अलग-अलग मामलों में करीब 1.85 करोड़ रुपये के कथित अनियमित भुगतान का जिक्र है। इन मामलों में पुलिस जांच और विभागीय कार्रवाई की गई है। कम से कम चार अधिकारियों को निलंबित किया गया है।
शिक्षा मंत्री ने इंडियन एक्सप्रेस से क्या कहा?
इस ऑडिट की रिपोर्ट के बाद बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया है कि राज्य सरकार सभी 38 जिलों में ऑडिट करा रही है। उन्होंने अधिकारियों को नवंबर के मध्य तक इंटरनल ऑडिट पूरा करने का निर्देश दिया है। मंत्री के मुताबिक, HRMS सिस्टम में गड़बड़ियों को रोकने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा कि सामने आए तीन मामलों ने गंभीर चिंताएं पैदा की हैं और ऑनलाइन भुगतान प्रणाली को अधिक सुरक्षित बनाने की जरूरत है।
जानें क्या है पूरा मामला?
नवादा
नवादा जिले में इंटरनल फाइनेंशियल और पोर्टल ऑडिट की रिपोर्ट में प्राथमिक विद्यालय स्तर पर कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। इस संबंध में 13 अक्टूबर 2026 को नवादा के टाउन पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई। FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 316(2), 316(5), 336(3), 338 और 340(2) के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13 के तहत आरोप लगाए गए हैं।
46 हजार की सैलरी 5 लाख के करीब कर दी गई
शिकायत में कहा गया कि रजौली के बेलाडीह स्थित एक प्राइमरी स्कूल के टीचर HRMS पोर्टल पर ‘मेकर’ की भूमिका निभाने वाले एक क्लर्क और ‘चेकर’ के रूप में नामित हेड क्लर्क को आरोपी बनाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि अप्रैल 2025 में उस टीचर की अप्रूव्ड ग्रॉस मंथली सैलरी 46,772 रुपये थी, लेकिन कथित तौर पर पोर्टल पर इस सैलरी को बढ़ाकर 4,91,772 रुपये कर दिया गया। इसमें अनधिकृत भत्ते जोड़े जाने का आरोप है।
10 लाख से ऊपर का हुआ अनधिकृत भुगतान
इसी तरह मई 2025 में 46,772 रुपये के स्वीकृत वेतन के मुकाबले 3,49,500 रुपये का भुगतान किए जाने की बात कही गई है। जांच में यह भी आरोप लगाया गया कि शिक्षक के बैंक खाते में समग्र शिक्षा फंड से 2.86 लाख रुपये भेजे गए, जबकि यह राशि उस मद से जारी नहीं की जानी चाहिए थी। FIR के अनुसार, शिक्षक को कुल 10,43,950 रुपये का कथित अनधिकृत भुगतान किया गया।
पटना
पटना जिले में भी HRMS पोर्टल के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। 14 अक्टूबर 2026 को जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार ने गुलजारबाग स्थित FNS एकेडमी के क्लर्क विजय कुमार विद्यार्थी को निलंबित कर दिया। आरोपी पर सरकारी और विभागीय फंड में 76,71,983 रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताओं में शामिल होने का आरोप है। उन पर जिला शिक्षा पदाधिकारी की आधिकारिक ‘मेकर लॉगिन ID’ का इस्तेमाल करके बिना अनुमति पोर्टल पर एंट्री करने और अधिक भुगतान कराने का आरोप लगाया गया है। मामले में धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और आपराधिक विश्वासघात से जुड़े आरोप शामिल हैं।
भागलपुर
नवादा और पटना की तरह भागलपुर में भी HRMS पोर्टल के जरिए कथित अनधिकृत भुगतान के मामले सामने आए हैं। 21 अक्टूबर 2026 के एक विभागीय आदेश के अनुसार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शशि चंदन चौधरी के खिलाफ 8 अक्टूबर को जोगसर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। उन पर कथित तौर पर एक फर्जी शिक्षक के नाम पर HRMS पोर्टल के माध्यम से भुगतान कराने का आरोप है।
आदेश के मुताबिक, मामला दर्ज होने के अगले दिन उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, इस मामले में निकाली गई रकम का जिक्र नहीं किया या है। भागलपुर के एक अन्य मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी को तनुश्री नाम की कथित फर्जी शिक्षिका के नाम पर कई महीनों तक 98,12,773 रुपये का अनधिकृत भुगतान किए जाने के आरोप में निलंबित किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस मामले में भी 8 अक्टूबर 2026 को जोगसर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया था।
यह भी पढे़ं: यूपी में हिंसा करने वालों को नहीं मिलेगी सरकारी नौकरी, चरित्र सत्यापन के नियम सख्त; नई भर्ती नीति का ऐलान
उत्तर प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरी पाने वाले उम्मीदवारों के पुराने रिकॉर्ड और चरित्र की जांच के नियम सख्त कर दिए हैं। राज्य सरकार ने नए नियम निगमों, परिषदों और स्थानीय निकायों में सीधी भर्ती से चुने गए उम्मीदवारों पर लागू होंगे। इसके तहत हिंसा के जरिए व्यवस्था बदलने वाले संगठनों के सक्रिय सदस्यों को सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी व्यक्ति की राजनीतिक विचारधारा के आधार पर उसे नौकरी के लिए अयोग्य नहीं माना जाएगा। लखनऊ में प्रमुख सचिव एम. देवराज ने नई भर्ती नीति के इस फैसले की घोषणा की। इसका मुख्य उद्देश्य चयन प्रक्रिया में लगने वाले समय को कम करना है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
