Uproar in Nitish Kumar Meeting: बिहार (Bihar) में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) शुक्रवार (2 दिसंबर, 2022) को कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव के सिलसिले में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान CTET और BTET के अभ्यर्थियों ने उनकी जनसभा में जमकर हंगामा काटा। अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बता दें, अभ्यर्थी नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।
हंगामा कर रहे अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री शर्म करो,डूब मरो के साथ साथ हाए हाए के नारे लगाए। इस दौरान अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री की सभा में कुर्सियां भी फेंकी, जिसके बाद नीतीश कुमार के समर्थकों ने हंगामा कर रहे अभ्यर्थियों को कुर्सी मारकर भगाया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें काफी लोग कुर्सियां फेंकते हुए नजर आ रहे हैं। कुछ तो खंभे पर भी चढ़े हुए हैं।
तेजस्वी बोले- कुढ़नी सीट के बारे में लालू जी मुझसे पूछ रहे थे
कुढ़नी में एक चुनावी सभा को तेजस्वी यादव ने भी संबोधित किया था। उनकी तरफ से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ की गई थी। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा था। बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा था कि पांच दिसंबर को लालू यादव का ऑपरेशन होने वाला है। वह कुढ़नी सीट के बारे में मुझसे पूछ रहे थे। मैंने उनसे कहा था कि इस सीट पर महागठबंधन की जीत होगी।
2024 में बिहार में भाजपा का खाता नहीं खुलेगा: तेजस्वी यादव
तेजस्वी ने कहा कि लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार के एक होने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी को 2024 में हार का डर सता रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा का 2024 में खाता भी नहीं खुलेगा। उन्होंने देश में महंगाई का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कहा कि महंगाई अब भाजपा के लिए भौजाई और महबूबा बन गई है। भारतीय जनता पार्टी यादव वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है, लेकिन ऐसा कभी होने वाला नहीं है। बता दें, कुढ़नी सीट पर पांच दिसंबर को मतदान होगा, जबकि आठ दिसंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे।