बिहार में गुरुवार को कैबिनेट का विस्तार हुआ। निशांत कुमार ने मंत्री पद की शपथ ली। उन्हें स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। अहम विभाग की जिम्मेदारी मिलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने धन्यवाद दिया और जनता के हित में काम करने के संकल्प को दोहराया। हालांकि, विपक्ष ने उन्हें घेरना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस ने नए स्वास्थ्य मंत्री पर उनका एक वीडियो शेयर करते हुए तंज कसा।

AICC सचिव एवं गुजरात सह-प्रभारी श्रीनिवास बी.वी ने एक्स पर निशांत कुमार का वीडियो शेयर करते हुए लिखा – बिहार के नए स्वास्थ्य मंत्री। इसके साथ उन्होंने एक क्लाउन (जोकर) इमोजी भी लगाई। वीडियो में निशांत जेडीयू के अन्य नेताओं की मौजूदगी में कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं। हालांकि, वो थोड़े असहज दिख रहे हैं। सीधे बैठने के बजाय वो बार-बार झुक रहे हैं। जबकि अन्य नेता किसी मुद्दे पर चर्चा करने दिख रहे हैं।

कांग्रेस ही नहीं निशांत को स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने के बाद से आरजेडी भी हमलावर है। राष्ट्रीय जनता दल ने एक्स पोस्ट के माध्यम से निशांत के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी तंज कसा है। पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से की गई पोस्ट में लिखा, “परिवारवाद पर आजीवन लेक्चर देने वाले कुर्सी कुमार के “सामाजिक जीवन में संघर्ष का लंबा इतिहास रखने वाले सुयोग्य सुपुत्र” को मंत्री पद की शुभकामनाएं!”

पार्टी ने एक अन्य पोस्ट में कहा, “पिता ने आजीवन परिवारवाद पर लेक्चर देने के बाद अपने बेटे को राजनीति में सेटल करने की शर्त पर ही कुर्सी छोड़ी। परिवारवादी बेटे ने भी 2 ही दिन में लग्जरी यात्रा छोड़, कार्यकर्ताओं को मुंह चिढ़ाते हुए, पलटी मारते हुए पिछले दरवाजे से मंत्री बनने का कार्यकर्ता-विरोधी विकल्प ही चुना। जिसमें पलटी मारना ही हो नीति वही रही सदैव कुर्सी कुमार की राजनीति।”

इधर, रोहिणी आचार्य जो आरजेडी के संस्थापक लालू यादव की बेटी हैं, उन्होंने निशांत को मंत्री बनाए जाने पर तंज कसा था। रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “बिना चुनाव लड़े चोर दरवाजे से मंत्रिमंडल में शार्टकट इंट्री पाने के लिए भाई निशांत को बधाई-शुभकामनाएं और इंट्री दिलाने के लिए असलियत में अनैतिकता के शिखर पुरुष , मगर ‘स्वयंभू नैतिक पुरुष’ चाचा जी को भी ढेरों बधाई .. 2004 से पहले ई सब भी नहीं होता था चाचा रंगबदलू जी।” रोहिणी ने बिहार नहीं आने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी हमला बोला था।

यह भी पढ़ें – 11 ओबीसी, 10 जीसी, 7 ईबीसी, 7 एससी; यहां जानिए सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल का वर्ग और जाति समीकरण

सम्राट चौधरी के कैबिनेट विस्तार में जाति और वर्ग का संतुलन साधने की कोशिश साफ दिखाई दे रही है। मंत्रिमंडल में जनरल कैटेगरी, ओबीसी, ईबीसी और एससी वर्ग के साथ-साथ मुस्लिम समुदाय को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। आइए जानें मंत्रिमंडल में किस जाति और वर्ग से कितने मंत्री बनाए गए हैं। पूरी खबर पढ़ें…