बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का एक पुराना बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें सम्राट चौधरी यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि अगर कुशवाहा के बेटे को छुआ तो कतरा-कतरा खून समर्पित रहेगा। सोशल मीडिया पर 16 सेकंड की क्लिप वायरल हो रही है। सम्राट चौधरी के वायरल बयान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने भी प्रतिक्रिया दी।

राजीव शुक्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा, “क्या कोई मुख्यमंत्री इस तरह सिर्फ अपनी जाति की ही बात कर सकता है? वह कह सकते थे कि किसी बिहारी को छूने की हिम्मत किसी को नहीं करना चाहिए। केवल कुशवाहा जाति की बात क्यों?” आईए जानते हैं कि सम्राट चौधरी का यह बयान कब का है।

क्या है बयान की सच्चाई?

सम्राट चौधरी का जो बयान वायरल हो रहा है, वह फरवरी 2024 का है। कई मीडिया चैनल्स ने इसे कवर किया है। सम्राट चौधरी एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे, जहां पर वह माफियाओं के खिलाफ एक्शन की बात कर रहे थे। सम्राट चौधरी ने कहा था, “बालू माफिया, जमीन माफिया और शराब माफियाओं को या तो नेपाल भागना पड़ेगा या गया में पिंडदान होगा, यह समझ लीजिए। अपराधी किसी भी जाति का हो, एक्शन होगा।”

सम्राट चौधरी ने आगे कहा, “हमारी जाति में तो माफिया होता ही नहीं है, यह बात स्पष्ट है। किसी कुशवाहा के बेटे को अगर छू दिया तो कतरा-कतरा खून सम्राट चौधरी का आपके लिए समर्पित रहेगा। लोकसभा चुनाव आने वाला है, आपसे मैं आग्रह करूंगा कि एक-एक वोट समाज के नेतृत्व को खड़ा करने में लगाइए और बिहार में एनडीए की सरकार बनाए।”

भरत तिवारी मामले से जोड़ रहे वायरल बयान

सोशल मीडिया पर सम्राट के बयान को लोग अब शेयर कर रहे हैं और इसे भरत तिवारी के खिलाफ पुलिस की कार्यवाही से जोड़कर बता रहे हैं। बता दें कि 17 जून की सुबह भरत तिवारी की पुलिस की गोली लगने से मौत हो गई थी। पुलिस भरत तिवारी को पकड़ने पहुंची थी और इस दौरान पुलिस ने उन्हें गोली मार दी थी। यह मामला सुर्खियों में है और सुप्रीम कोर्ट भी पहुंच चुका है। भरत तिवारी का परिवार पुलिस की कार्यवाही को हत्या बता चुका है जबकि पुलिस का कहना है कि भरत तिवारी अपराधी था।

यह भी पढ़ें- भरत तिवारी केस: सुप्रीम कोर्ट ने CBI जांंच की मांग करने वाली याचिका पर सुनवाई से किया इनकार

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को भरत भूषण तिवारी मामले की सीबीआई जांच करवाने की मांग करने वाली याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने यह याचिका दायर करने वाले वकील से कहा कि वो हाई कोर्ट जा सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर