बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कार्यभार संभालने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में कामों को लटकाने, केवल फाइल बढ़ाने और अनावश्यक पत्राचार की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाए तथा काम की गति को दोगुना किया जाए।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि राज्य में चल रहे कार्यों का संचालन ठीक ढंग से हो रहा है लेकिन उनकी गति और तेज करने की जरूरत है ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
सम्राट चौधरी ने भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर पूरी दृढ़ता से अमल करने का निर्देश देते हुए कहा कि ऊपर से नीचे तक किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा बनाई गई योजनाओं पर काम जारी है लेकिन उनका समय पर निष्पादन बेहद जरूरी है।
समस्याओं के समाधान में लाएं तेजी- सीएम
सम्राट चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान में तेजी लाई जाए और किसी भी विभाग में प्राप्त शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से भूमि विवादों के त्वरित और सरल समाधान पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे विवाद 60 से 70 प्रतिशत आपसी झगड़ों के कारण होते हैं।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रक्रियाओं को सरल बनाकर इनका शीघ्र निपटारा किया जाए ताकि आम जनता को परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रखंड, अंचल और थाना स्तर पर आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो।
चौधरी ने कहा कि नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में व्यापक विकास हुआ है तथा ‘सात निश्चय-1’ और ‘सात निश्चय-2’ के तहत कई योजनाओं को पूरा किया गया है एवं 2025 में लागू ‘सात निश्चय-3’ पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
योजनाओं पर तेजी से चल रहा काम- चौधरी
चौधरी ने कहा कि ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान घोषित 430 योजनाओं पर भी काम तेजी से चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्राओं के दौरान जमीनी स्तर पर समस्याओं को नजदीक से समझने का अवसर मिला, जिसे ध्यान में रखते हुए बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बिहार को समृद्ध और विकसित राज्य बनाना जरूरी है। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर आया पिता का बयान
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर उनके पिता ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि जो मेहनत करेगा, वो आग बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि ईश्वर की ऐसी कृपा कभी-कभी होती है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
