बिहार के वित्त मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने मंगलवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। वित्त मंत्री विजेंद्र ने 3,47,589 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया। पिछले वित्त वर्ष में बिहार का सालाना बजट 3.17 लाख करोड़ रुपये का था। बजट पेश करने के दौरान वित्त मंत्री विजेंद्र ने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य को देश के विकसित राज्यों की लिस्ट में शामिल करना है।
वित्त मंत्री लाल रंग का बैग लेकर सदन पहुंचे
वित्त मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव लाल रंग का बैग लेकर विधान सभा पहुंचे। अपने बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री विजेंद्र प्रसाद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि राज्य ने कुमार के नेतृत्व में विगत वर्षों में विकास की नई दिशा तय की है।
पांच नए एक्सप्रेस-वे की सौगात
वित्त मंत्री विजेंद्र ने बताया कि बजट में राज्य को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए सरकार ने पांच नए एक्सप्रेस-वे के निर्माण का ऐलान किया है। इससे बिहार में आना-जाना आसान होगा और समय भी कम होगा। माना जा रहा कि इससे औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा। वित्त मंत्री ने एक्सप्रेस वे को विकास की रीढ़ बताते हुए कहा कि इससे बिहार की आर्थिक गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी।
आम लोगों के लिए सस्ते मकान
इस बार के बजट में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सस्ते आवास की योजना को अहम स्थान दिया गया है। सरकार का कहना है कि किफायती मकान से निम्न और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी। इससे न सिर्फ लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा बल्कि निर्माण क्षेत्र भी मजबूत होगा, साथ ही रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
इस मॉडल पर होगा बिहार का विकास
वित्त मंत्री विजेंद्र ने अपने भाषण में बिहार के विकास मॉडल को पंचतत्व से जोड़ा। उन्होंने कहा कि ज्ञान,विज्ञान, ईमान, अरमान और सम्मान के तर्ज पर राज्य की योजनाएं बनाई जाएंगी। शिक्षा, टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और सोशल जस्टिस को साथ लेकर चलना बिहार सरकार की प्राथमिकता है।
बढ़ेगी किसानों की आय
बजट में चौथे रोडमैप के जरिए बिहार के किसानों की आय बढ़ाने और खेती को आधुनिक तरीके से करने की बात कही गई। उद्योगों के लिए बुनियादी ढांचे के विकास, स्टार्टअप को प्रोत्साहन और हॉट-बाजार के सशक्तीकरण की योजनाएं भी शामिल हैं। सरकार ने कहा कि इन प्रयासों से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा।
आगे वित्त मंत्री ने कहा कि यह बजट सिर्फ व्यय का लेखा-जोखा नहीं है बल्कि विकसित बिहार का रोडमैप है। बुनियादी ढांचे, सामाजिक कल्याण और आर्थिक प्रगति के संतुलन के साथ सरकार आगे बढ़ रही है। आगे पढ़िए ‘अखिलेश यादव के पास इतना पैसा कहां से आता है?’, सपा प्रमुख पर निशाना साध बोले तेज प्रताप- हेलीकॉप्टर से तांडव मचा रहे…
