बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इस बीच बिहार बीजेपी के विधायक दल की बैठक लिए बीजेपी ने केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार में भाजपा विधायक दल की बैठक के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। शिवराज सिंह चौहान की देखरेख में भाजपा विधायक दल की बैठक होगी और पार्टी का नेता चुना जाएगा।
पटना में लगे सम्राट-निशांत के पोस्टर
वहीं पटना में सम्राट चौधरी और निशांत कुमार के समर्थन में पोस्टर लगाए गए हैं। कुछ जदयू कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार से अगला मुख्यमंत्री निशांत कुमार को बनाने की मांग की है, वहीं सम्राट चौधरी को सीएम बनाने की मांग करने वाले कुछ पोस्टर भी देखे गये। हालांकि भाजपा विधायक दल का नेता किसे चुनती है, इस पर सब कुछ निर्भर करेगा।
बीजेपी ने अपने एक X पोस्ट में लिखा, “भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बिहार में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण, ग्रामीण विकास मंत्री, भारत सरकार को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।”
14 को इस्तीफा दे सकते नीतीश कुमार
सूत्रों के अनुसार बिहार सरकार ने 14 अप्रैल को सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक में बुलाई है। इस बैठक की अध्यक्षता नीतीश कुमार कर सकते हैं और इसके बाद नीतीश कुमार राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। माना जा रहा है कि इस दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उनके साथ रहेंगे। वहीं जेडीयू और बीजेपी के नेता अभी तक मुख्यमंत्री पद को लेकर कुछ बोल नहीं रहे हैं। बिहार सरकार में मंत्री और नीतीश कुमार के करीबी विजय चौधरी ने कहा है कि मुख्यमंत्री वही बनेगा जिसे एनडीए का विधायक दल अपना नेता मानेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इसमें भारतीय जनता पार्टी की अहम भूमिका है और उन्हें ही यह तय करना है।
(यह भी पढ़ें- बिहार में ‘बुलडोजर बवाल’ नहीं चाहिए)
जेडीयू कार्यकर्ताओं ने रविवार को पटना में पार्टी नेता और नीतीश कुमार के बेटे, निशांत कुमार के समर्थन में पोस्टर लगाए। इन पोस्टरों पर लिखा है, “बिहार में ना तो बुलडोजर बवाल चाहिए और ना ही फिर से दंगा फसाद चाहिए।” पढ़ें पूरी खबर
