मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां अल्पसंख्यक समुदाय के एक युवक के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की गई। भीड़ ने उसके कपड़े उतरवाए और चेहरे पर कालिख व गोबर पोत दी। पुलिस के अनुसार युवक को रविवार शाम एक होटल में दूसरे समुदाय की महिला के साथ रंगे पकड़ने के बाद कुछ लोगों ने हमला कर दिया।
यह घटना गोविंदपुरा थाना क्षेत्र की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में युवक को भीड़ होटल के बाहर घुमाते हुए दिख रही है। पुलिस के अनुसार कुछ लोगों को सूचना मिली थी कि युवक और महिला होटल के एक कमरे में ठहरे हुए हैं। इसके बाद लोगों का एक ग्रुप होटल पहुंचा और कमरे में घुसकर दोनों से बहस करते हुए उन्हें बाहर निकाल लिया। आरोप है कि इसके बाद युवक को सड़क पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की गई।
चेहरे पर कालिख और गोबर पोता
वायरल वीडियो और पुलिस की जानकारी के मुताबिक 27 साल के युवक को जमकर पीटा गया। उसके कपड़े भी उतरवाए गए और भीड़ के कुछ लोगों ने उसके चेहरे पर कालिख और गोबर पोत दिया।
थाने में पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब पांच साल से युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी और अपनी मर्जी से होटल आई थी। उसने किसी तरह की जबरदस्ती, उत्पीड़न या बंधक बनाए जाने के आरोपों से इनकार किया। साथ ही उसके युवक के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहने की भी बात कही।
शख्स पर पांच आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार महिला ने यह भी बताया कि युवक हाल ही में जेल से बाहर आया था और जिस जगह वह फिलहाल रह रही है वहां उसे आने की अनुमति नहीं थी। इसलिए दोनों होटल में मिलने आए थे। जांच में यह भी सामने आया कि युवक के खिलाफ भोपाल के अलग-अलग थानों में धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और चोरी समेत कम से कम पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गोविंदपुरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया, “युवक हाल ही में जेल से छूटा था। जांच में पता चला कि वह मोबाइल चोरी के दो मामलों भी शामिल था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।” हालांकि, संबंधित मामले में रविवार देर रात तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस ने कहा कि दोनों पक्षों को भविष्य में सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। पुलिस ने जोड़े को मामला दर्ज कराने के लिए समझाया, लेकिन उन्होंने मना कर दिया।
यह भी पढ़ें – छत्तीसगढ़ में 1.5 करोड़ की एलपीजी चोरी, सरकारी अधिकारी और कारोबारियों ने मिलकर बेची 90 मीट्रिक टन गैस
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण दुनिया भर में रसोई गैस संकट गहराने के बीच छत्तीसगढ़ में एलपीजी चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जिसने कथित तौर पर 90 मीट्रिक टन से ज्यादा एलपीजी गैस चोरी कर उसकी कालाबाजारी कर दी। चोरी की गई गैस की कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पूरी खबर पढ़ें…
