मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मालीखेड़ी में सोमवार को एक परिवार के पांच लोगों की मौत का मामला सामने आया है। घर में दो महिलाएं और दो बच्चों के शव मिले हैं, जबकि पुरुष का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। घर पर मिली लाशों के गले पर धारदार हथियार से काटने की निशान पाए गए हैं।
पुलिस ने शुरुआती जांच में आशंका जताई है कि परिवार के मुखिया ने पहले अपने घर वालों की हत्या की फिर रेलवे ट्रैक पर जाकर खुदकुशी की है।
मृतकों की हुई पहचान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नरेंद्र साहू, उनकी 50 वर्षीय मां सरस्वती साहू, 29 वर्षीय पत्नी सोमलता साहू, 10 वर्षीय बेटी कृति साहू और 6 वर्षीय बेटे खुश साहू रूप में हुई है।
नरेंद्र का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे ट्रैक पर मिला। जबकि उनकी मां, पत्नी और बच्चों के शव घर में बरामद हुए हैं।
परिवार के मुखिया पर हत्या का शक
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नरेंद्र ने किसी धारदार हथियार से परिवार के चारों सदस्यों का गला रेत दिया। इसके बाद रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। हालांकि अभी हत्या या खुदकुशी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुट गई है।
रिश्तेदार की वजह से हुआ खुलासा
बताया जा रहा कि सोमवार सुबह परिवार के एक रिश्तेदार को नरेंद्र की मौत की सूचना मिली। वह परिजनों को सूचना देने मालीखेड़ी स्थित घर पहुंचे तो काफी देर तक आवाज लगाने पर दरवाजा नहीं खुला। फोन पर भी किसी से बात नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोला और घर में शव देखे।
मकान मालिक रामसिंह (अस्टिटेंट लोको पायलट) ने पिछले साल सोमलता साहू को पांच हजार रुपये महीने पर किराए पर घर दिया था। उन्होंने बताया कि सोमलता का आधार कार्ड भी लिया था, सोमलता ने बताया था कि उनके पति बाहर नौकरी करते हैं और वह अपने सास और बच्चों के साथ रहती हैं। वह हर माह ऑनलाइन किराया भेज देती थीं।
यह भी पढ़ें: ‘हमारा कोई फिक्स पर्सेंटेज नहीं है, कोई खुशी से देता है तो ले लेता हूं’, रिश्वत वाले बयान पर मध्य प्रदेश के इंजीनियर सस्पेंड
मध्य प्रदेश सरकार ने जल संसाधन विभाग के पन्ना स्थित एक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को निलंबित कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हुए अपने एक बयान में कहा था कि अगर कोई स्वेच्छा से पैसे देता है, तो वे उसे स्वीकार कर लेते हैं, भले ही उन्होंने खुद इसकी मांग न की हो। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
