Punjab News: पंजाब के रूपनगर जिले में भाखड़ा नहर में 26 साल पहले गिरी एक वैन को बाहर निकाला गया है। वैन में सवार चार लोगों की उस दौरान मौत हो गई थी, जिनके अवशेष भी गाड़ी के अगले हिस्से में मिले हैं। बुधवार को पुलिस ने इस मामले में विस्तृत जानकारी शेयर की है और बताया है कि मृतकों के अवशेषों के साथ एक बच्चे की शर्ट भी मिली है, जो संकेत दे रही है कि पीड़ितों में एक बच्चा भी शामिल था।
पुलिस ने बताया कि साल 2000 में चार लोगों के साथ भाखड़ा नहर में गिर गई थीं, तब से वह वैन 32 फुट गहरी नहर के तलहटी में पड़ी हुई थी। इस कार को अब स्थानीय गोताखोर कमलप्रीत सैनी ने खोज निकाला था। गोताखोर सैनी ने दावा किया कि वैन के अगले हिस्से के अंदर कुछ मानव कंकाल अवशेष मिले हैं।
कैसे बाहर निकली थी वैन?
सैनी ने बताया था कि कार से एक शर्ट भी बरामद हुई है, जिसके बारे में माना जा रहा है कि वह बाल पीड़ित की थी। बरामद सभी सामान परिवार को सौंप दिए गए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2000 में नहर में गिरी इस वैन को अब बाहर निकाल लिया गया है।
सैनी को यह वाहन उस समय दिखाई दिया जब वह रूपनगर जिले के किरतपुर साहिब थाना क्षेत्र के नक्कियां गांव के पास भाखड़ा नहर में एक शव की तलाश कर रहे थे। सैनी ने कहा, “मैं एक शव की तलाश कर रहा था, तभी मुझे नहर में यह वैन दिखाई दी। वाहन की छत और पिछला हिस्सा पूरी तरह जंग खाकर नष्ट हो चुका था। केवल अगला हिस्सा बचा था।”
शादी समारोह से लौटते वक्त हुआ था हादसा
गोताखोर ने बताया कि स्थानीय लोगों और ट्रैक्टरों की मदद से वाहन को नहर से बाहर निकाला गया। ग्रामीणों से बातचीत के बाद सैनी को पता चला कि यह वैन अक्टूबर 2000 में नहर में गिरी थी। किरतपुर साहिब के पास स्थित कोटला गांव के तीन पुरुष और एक आठ वर्षीय बच्चा शादी समारोह से लौट रहे थे, जब ओमनी वैन नहर में गिर गई थी।
उस समय पेशेवर गोताखोरों ने लगभग एक महीने तक खोज अभियान चलाया था लेकिन न तो वाहन मिला था और न ही उसमें सवार लोगों के शव बरामद हुए थे। सैनी ने बताया कि बाद में उन्होंने कोटला गांव में पीड़ितों के परिजनों से संपर्क किया, जिन्होंने उनसे वाहन को बाहर निकालने का अनुरोध किया।
गोताखोर सैनी के अनुसार परिवार ने मंगलवार को कमलप्रीत साहिब में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि नहर के तल में पानी का बहाव बहुत तेज होने के कारण वाहन को बाहर निकालना काफी कठिन था।
पंजाब में आर्मी कैंट और BSF HQ के बाहर ब्लास्ट, सीएम भगवंत मान बोले-बर्दाश्त नहीं करेंगे
पंजाब में हुए बम धमाकों पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर निशाना साधा है। मान ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि मैं भारतीय जनता पार्टी को कहना चाहता हूं कि पंजाब ने बहुत काले दिन देख लिए हैं, अब पंजाबी यह बर्दाश्त नहीं करेंगे। पढ़िए पूरी खबर…
