बिहार सरकार के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने हत्या के एक मामले पर बयान देते हुए कुछ ऐसा बोल गए, जिसे लेकर उनकी आलोचना हो रही है। दरअसल, आरा जिले में एक पूर्व कस्टम अधिकारी की हत्या हो गई, इसके बाद मंत्री पीड़ित परिजनों से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान जब मीडिया ने उनसे इस पर सवाल पूछा तो मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा का असंवेदनशील बयान देते हुए कहा, हत्याएं होती रहती है, इतना बड़ा बिहार है। भगवान सिंह कुशवाहा बिहार सरकार में योजना एवं विकास मंत्री हैं।
बीते गुरुवार को 72 वर्षीय पूर्व कस्टम अधिकारी राम कुमार सिंह की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। बताया जा रहा कि पूर्व कस्टम अधिकारी उस दौरान मॉर्निंग वॉक करने के लिए निकले थे, तभी कुछ लोगों ने कनकपुरी मोहल्ले में उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस मामले में मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा परिजनों से मिलने पहुंचे थे।
कार्रवाई निश्चित है- मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा
मीडिया से बात करते हुए सम्राट चौधरी सरकार मंत्री ने कहा, “जितना आप लोग कार्रवाई को लेकर सोचे नहीं होंगे, उतना सरकार बढ़-चढ़कर इस मामले में गंभीर है। गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई चल रही है। आईओ आकर केस की मॉनिटिरिंग कर रहे हैं। सबका बयान दर्ज कराया जा रहा है। चिंतित मत होइए कार्रवाई निश्चित है।”
हत्या तो होगा क्या कीजिएगा- भगवान सिंह कुशवाहा
इसी बीच एक पत्रकार ने उनसे सवाल किया कि पिछले तीन दिन में तीन हत्या की गई है। इस पर जवाब देते हुए भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा, “भोजपुर में ये कोई पहली घटना नहीं है।” आगे कहा कि पुहना की घटना से इस घटना को मत जोड़िए। इस पर सवाल किया गया कि पर हत्या हो रही है न तो मंत्री ने जवाब दिया, “हत्या तो होगा क्या कीजिएगा (हत्या तो होगा क्या कर सकते हैं) ।” आगे फिर सवाल किया गया कि सरकार का इकबाल खत्म हो रहा क्या तो मंत्री ने कहा, “इकबाल खत्म नहीं हुआ है, हत्याएं होती रहती हैं, इतना बड़ा बिहार है।”
इधर मंत्री कुशवाहा के बयान पर सम्राट सरकार के मंत्री जमा खान ने कहा, “वो क्या बोले हैं, ये मैंने नहीं सुना है।”
आगे जमा खान ने कहा, “जब से एनडीए की सरकार बनी है तब से राज्य अपराधमुक्त हुआ है। कुछ ऐसे लोग हैं, जो गड़बड़ लोग हैं, गड़बड़ करते रहते हैं। दुनिया में जहां भी देख लीजिए, कितने भी सख्त कानून क्यों न बनाए जाएं, गड़बड़ करने वाले लोग गड़बड़ कर ही डालते हैं। ये देखना है कि गड़बड़ी करने वाले लोग बचे न। इस सरकार ने गड़बड़ी करने वाले लोग बचते नहीं है।”
यह भी पढ़ें: ‘मेरे जैसी कुर्बानी किसी ने नहीं दी’, बाहुबली विधायक अनंत सिंह फिर दिखे नाराज; नीतीश कुमार को लेकर क्या कहा?
बिहार में MLC चुनाव से पहले जनता दल यूनाइटेड (JDU) के भीतर चल रहा विवाद काफी गहरा चुका है। इस विवाद के बीच बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने ऑन कैमरा ऐसी बात कही है जिसमें उनकी नाराजगी साफ देखी जा सकती है। अनंत सिंह ने न्यूज एजेंसी IANS से बातचीत के दौरान कहा है कि उन्होंने नीतीश कुमार का तब साथ दिया था, जब वे कुछ भी नहीं थे। अनंत सिंह ने कहा है कि नीतीश कुमार के साथ रहते हुए हमारे 9 लोग मारे गए थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
