बेंगलुरु में 26 वर्षीय एक महिला ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मौत से कुछ देर पहले उसने अपनी छोटी बहन को व्हाट्सऐप पर अपने मोबाइल फोन का पासवर्ड भेजा था। महिला के परिवार ने उसके पति और ससुरालवालों पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब नोएडा की त्विषा शर्मा मौत मामले से देशभर में उबाल है। इस मामले की जांच अभी जारी है। त्विषा शर्मा 12 मई को भोपाल स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं। उनकी शादी पांच महीने पहले वकील समर्थ सिंह से हुई थी, जो रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के बेटे हैं।
मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप
पुलिस शिकायत के मुताबिक, लक्ष्मी प्रिया की शादी 11 मई 2023 को मैसूरु में राजेश अराध्या से हुई थी। राजेश बेंगलुरु के मराठाहल्ली स्थित हल पुलिस स्टेशन में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही राजेश, उसके पिता पलक्षअराध्या और मां भाग्यम्मा लक्ष्मी प्रिया को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
पुलिस के अनुसार, बाद में लक्ष्मी प्रिया गर्भवती हुईं और उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद वह करीब छह महीने तक अपने मायके में रह रही थीं। जानकारी अनुसार 22 मई को दोपहर करीब 2:31 बजे लक्ष्मी प्रिया ने अपनी छोटी बहन जयश्री को व्हाट्सऐप पर मोबाइल फोन का पासवर्ड भेजा। इसके तुरंत बाद परिवार ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया
कुछ देर बाद पति राजेश अराध्या ने परिवार को सूचना दी कि लक्ष्मी प्रिया की मौत हो गई है। परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और दहेज निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
गौरतलब है कि इसी तरह का एक और मामला कर्नाटक के बल्लारी जिले से भी सामने आया था, जहां 24 वर्षीय ऐश्वर्या ने कथित दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, ऐश्वर्या ने 17 मई को अपने मायके में सीलिंग फैन से लटककर जान दे दी थी।
मृतका के पति प्रदीप कुमार जो पशुपालन विभाग में पशु चिकित्सक हैं, उनको पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अपने सुसाइड नोट में ऐश्वर्या ने पति और ससुरालवालों पर मानसिक प्रताड़ना और दहेज उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों की लव मैरिज हुई थी और उनकी शादी को डेढ़ साल से अधिक समय हो चुका था। मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर ऐश्वर्या 14 मई को पति का घर छोड़कर मायके आ गई थीं।
(डिस्क्लेमर: यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, घरेलू हिंसा या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत परिवार, दोस्तों या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सहायता लें। कठिन परिस्थितियों में मदद मांगना कमजोरी नहीं, बल्कि साहस का कदम है। जरूरत पड़ने पर स्थानीय हेल्पलाइन या आपातकालीन सेवाओं से भी संपर्क करें।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर:
- किरण मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन: 1800-599-0019 (24×7)
- स्नेहा फाउंडेशन (Suicide Prevention): 044-24640050
- AASRA हेल्पलाइन: +91 9820466726 (24×7)
- iCALL मानसिक स्वास्थ्य सहायता: +91 9152987821
- महिला हेल्पलाइन: 181
- राष्ट्रीय आपातकालीन सेवा: 112
यदि कोई व्यक्ति तत्काल खतरे में है, तो नजदीकी अस्पताल, पुलिस स्टेशन या भरोसेमंद व्यक्ति से तुरंत संपर्क करें।)
