पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में खुले रेलवे फाटक पर एक ट्रेन एक वाहन से टकराने के कारण तीन लोगों की मौत हो गयी। शुक्रवार सुबह पूर्वी रेलवे के अजीमगंज-कटवा रेलखंड के कर्ण सुबर्ण स्टेशन के पास एक खुले रेलवे फाटक पर एक यात्री ट्रेन ने एक कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो स्कूली छात्रों समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि तीन लोगों की मौत के मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस बीच पूर्वी रेलवे द्वारा ट्रेन दुर्घटना की प्रारंभिक जांच में सिग्नलिंग सिस्टम में किसी भी तरह की खराबी की संभावना से इनकार किया गया है।

रेलवे की जांच के मुताबिक, दुर्घटना का कारण ‘मानवीय त्रुटि’ और ड्यूटी पर तैनात गेटमैन की घोर लापरवाही है। हावड़ा डिवीजन के कर्ण सुबर्ण और गोविंदपुर स्टेशनों के बीच रेलवे क्रॉसिंग पर हुई दुर्घटना के कुछ घंटों बाद, रेलवे प्रशासन ने गहन जांच के लिए एक उच्च स्तरीय 10 सदस्यीय टीम का गठन किया। ड्यूटी पर तैनात गेटमैन और सेक्शन सुपरवाइजर दोनों को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। पश्चिम बंगाल पुलिस ने गहन पूछताछ के बाद गेटमैन को बरहामपुर पुलिस स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।

दुर्घटना नहीं, मानवीय त्रुटि- शुभेंदु अधिकारी

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पत्रकारों से कहा, “यह कोई दुर्घटना नहीं है, यह मानवीय त्रुटि है। पुलिस ने चौकीदार को गिरफ्तार कर लिया है, यह बेहद दुखद घटना है। मैंने पुलिस को यह जांच करने के लिए कहा है कि क्या वह नशे में था। आवश्यक हो तो उसके ब्लड सैंपल एकत्र किए जाएं।” जांचकर्ता फिलहाल इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि क्या गेटमैन शराब के नशे में था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गेटमैन के ब्लड सैंपल चिकित्सा जांच के लिए ले लिए गए हैं। उन्होंने इस घटना को यांत्रिक खराबी नहीं बल्कि भयानक मानवीय चूक बताया।

मुर्शिदाबाद ट्रेन एक्सीडेंट: गेटमैन गिरफ्तार

उच्च स्तरीय समिति से अगले कुछ दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने की उम्मीद है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यात्री ट्रेन को उस खंड में प्रवेश करने की अनुमति दिए जाने के दौरान गेट खुला कैसे रह गया था। हावड़ा रेलवे पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत बसु ने कहा, “हमें स्टेशन मास्टर से शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर गेटमैन को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच जारी है।”

वहीं, दूसरी ओर इस घटना पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस घटना के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जाएगी और मैं पश्चिम बंगाल के लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सबसे सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बड़ा हादसा

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पार करते समय एक स्कूल वैन को तेज रफ्तार ट्रेन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में कम से कम तीन स्कूली छात्रों की मौत हो गई जबकि चार अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें