पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और उसका सिर लेकर पड़ोस के मंदिर में जाकर बैठ गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह पति-पत्नी के बीच विवाद बताई जा रही है।
यह घटना बुधवार को पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के गंगारामपुर की है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, 47 वर्षीय रिंटू घोष एक पड़ोस के मंदिर में चुपचाप बैठा हुआ था। जब एक पड़ोसी ने उसके पास जाकर पूछा कि क्या हुआ है, तो वह यह देखकर डर गया कि रिंटू के हाथ में उसकी पत्नी सीमा सरकार (42) का कटा हुआ सिर था।
मंदिर में पत्नी का कटा सिर लेकर बैठा था आरोपी
पड़ोसी की चीख सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। इसके बाद आरोपी मंदिर से बाहर आया। उसके एक हाथ में पत्नी का सिर और दूसरे हाथ में कटारी थी। कटारी खेती में इस्तेमाल होने वाला एक धारदार हथियार है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने महिला का सिर बरामद किया। इसके बाद परिवार के घर से उसका बिना सिर वाला शव भी मिला।

पुलिस से बोला- ‘मैं साइको हो गया हूं’
पुलिस जब आरोपी को गिरफ्तार करके ले जा रही थी, तब उसने कथित तौर पर चिल्लाकर कहा, “मैं साइको हो गया हूं।” दक्षिण दिनाजपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक गुप्ता ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद भयावह और असाधारण घटना है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ने घरेलू विवाद के चलते घर पर ही अपनी पत्नी की हत्या की। दंपति के दो बच्चे हैं, जिनमें एक की उम्र पांच साल और दूसरे की उम्र करीब 12 साल है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हत्या के समय दोनों बच्चे घर पर ही मौजूद थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के नशे में होने का कोई सबूत नहीं मिला है। उसने हत्या के लिए खेती में इस्तेमाल होने वाले एक धारदार हथियार का इस्तेमाल किया। फिलहाल घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस जल्द ही चार्जशीट दाखिल करेगी।
बेरोजगार था आरोपी, हाल में बदल गया था व्यवहार
इस घटना के बाद स्थानीय लोग और परिवार के रिश्तेदार सदमे में हैं। उनके मुताबिक, रिंटू घोष पहले सरकारी बस में कंडक्टर के तौर पर काम करता था, लेकिन फिलहाल उसके पास नौकरी नहीं थी। हालांकि, परिवार के लोगों को यह स्पष्ट नहीं था कि उसने खुद नौकरी छोड़ी थी या उसे नौकरी से निकाला गया था।
आरोपी के रिश्तेदार राजेश प्रमाणिक ने बताया कि रिंटू हाल के दिनों में अजीब व्यवहार करने लगा था। उसने सख्त शाकाहारी भोजन करना शुरू कर दिया था और उसका व्यवहार एक तांत्रिक जैसा हो गया था। वहीं, पड़ोसियों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच कुछ समय से रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे। हालांकि, किसी ने भी यह नहीं सोचा था कि उनके बीच का विवाद इतनी भयावह घटना में बदल जाएगा।
यह भी पढ़ें: मधुबनी में ASI की फायरिंग से ग्रामीण की मौत, गुस्साई महिला ने DM आनंद शर्मा का पकड़ा कॉलर, गांव में मचा हंगामा
हार के मधुबनी जिले में पुलिसकर्मी की गोलीबारी से एक ग्रामीण की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान गुस्से में एक महिला ने मधुबनी के जिलाधिकारी (DM) आनंद शर्मा का कॉलर पकड़ लिया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
