West Bengal Election News: कलिता माझी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए दिन-रात प्रचार कर रही हैं। वह 10 सालों से ज्यादा वक्त से राजनीति में सक्रिय हैं और यह दूसरी बार है जब भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें पूर्वी बर्दवान जिले के औसग्राम से उम्मीदवार बनाया है।
माझी दो घरों में नौकरानी के तौर पर काम करती हैं और हर महीने 4000 रुपये कमाती है। उन्होंने चुनाव प्रचार पर ध्यान केंद्रित करने और निर्वाचन क्षेत्र के लोगों तक पहुंचने के लिए काम से एक महीने की छुट्टी ली है। चुनाव प्रचार के दौरान इंडियन एक्सप्रेस से फोन पर बात करते हुए माझी ने कहा, “मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि मुझे यह अवसर दोबारा मिलेगा। पार्टी ने मुझ पर भरोसा दिखाया है और यह एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। फिलहाल मेरा पूरा ध्यान चुनाव प्रचार पर है। मेरे नियोक्ताओं ने मुझे चुनाव प्रचार करने और इस बार विजयी होने के लिए कहा है।”
गरीब परिवारों की पीड़ा का अंदाजा- माझी
माझी का मानना है कि घरेलू सहायिका होने के नाते उन्हें आम आदमी की बुनियादी समस्याओं और निर्वाचन क्षेत्र के गरीब परिवारों की पीड़ा का अंदाजा हो गया है। उन्होंने कहा, “मेरा परिवार और पड़ोसी उम्मीद कर रहे हैं कि अगर मैं चुनाव जीतती हूं तो विकास लाऊंगी। यहां कई समस्याएं हैं, सड़कें, पीने का पानी, रहने के लिए छत, काम, सत्ता में आने के बाद मैं यहां केंद्र सरकार की योजनाएं लागू करना चाहूंगी। यहां कोई विकास नहीं हुआ है और लोग केंद्र सरकार की योजनाओं से वंचित हैं।”
यह भी पढ़ें: SIR ही बन गया ध्रुवीकरण का सबसे बड़ा हथियार, कैसे बदल रहे बंगाल चुनाव के समीकरण
माझी ने कहा कि उनका मुख्य ध्यान एक अस्पताल के निर्माण पर है ताकि उनके गांव के उन लोगों की मदद की जा सके जिन्हें मेडिकल सुविधाओं के लिए बर्दवान शहर तक जाना पड़ता है। बुनियादी ढांचे का विकास और रोजगार के अवसर जैसे अन्य मुद्दे भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
कई गांवों में नहीं है बिजली- माझी
कई गांवों में अभी भी बिजली नहीं है और माझी वहां सौर पैनल लगाने की योजना बना रही हैं। उन्होंने कहा, “हममें से प्रत्येक को अपने सिर पर सुरक्षित छत का अधिकार है। मैं प्रधानमंत्री की आवास योजना लागू करूंगी और घर और शौचालय बनवाऊंगी।” मांझी के लिए महिलाओं की सुरक्षा भी बेहद अहम है। उन्होंने कहा, “देखिए आरजी कर में हमारी डॉक्टर बहन के साथ क्या हुआ। महिला मुख्यमंत्री द्वारा शासित राज्य में एक भी महिला सुरक्षित नहीं है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, इसलिए हमें महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी और दोषियों को सजा दिलवानी होगी।”
गुस्करा नगरपालिका के वार्ड नंबर 3 के मझपुकुर पार की रहने वाली माझी अपने पति सुब्रता माझी के साथ रहती हैं। उनके पति और बेटा, उन पर गर्व करते हैं। उन्होंने आगे कहा, “शिक्षा व्यवस्था भ्रष्टाचार से प्रभावित है। सरकारी स्कूलों की हालत खराब है। मैं स्कूलों पर भी ध्यान दूंगी, क्योंकि वे आने वाली पीढ़ियों का निर्माण करते हैं। मैं किसानों की समस्याओं पर भी गौर करूंगी।”
पिछली बार कितने वोटों से हारी थीं माझी
भारतीय जनता पार्टी ने 2021 में पहली बार औसग्राम सीट से उम्मीदवार उतारा था। पार्टी को उम्मीद है कि मांझी की सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि लोगों को उनसे जुड़ने में मदद करेगी। औसग्राम अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व सीट है और यह बोलपुर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। टीएमसी के उम्मीदवार अबेदानंद थंडर ने 2021 में यह सीट 1,00,392 वोट हासिल करके जीती थी, जबकि माझी 88577 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रही थीं।
