मॉडल और एक्ट्रेस त्विषा शर्मा की मौत के मामले में बड़ी लापरवाही सामने आई है। लापरवाही नायलॉन की उस बेल्ट को लेकर है जिसे पुलिस ने घटनास्थल से बरामद करने का दावा किया है। कहा गया है कि इस बेल्ट का इस्तेमाल फांसी में किया गया था।
त्विषा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने पति समर्थ सिंह के घर में फांसी पर लटकी हुई मिली थीं। त्विषा और समर्थ सिंह की दिसंबर 2025 में शादी हुई थी। शादी के पांच महीने के अंदर ही त्विषा की मौत हो गई। 33 साल की त्विषा शर्मा नोएडा की रहने वाली थीं।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्या है?
AIIMS भोपाल की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, जांच अधिकारी ने पोस्टमार्टम के दौरान मेडिकल बोर्ड को यह बेल्ट नहीं दिखाई। इस वजह से डॉक्टर फांसी में इस्तेमाल किए गए सामान और त्विषा की गर्दन पर मिले निशानों को आपस में नहीं जोड़ सके।
डॉक्टर्स ने पोस्टमार्टम के दौरान त्विषा की गर्दन पर दो समानांतर निशान देखे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कहा गया है कि जांच अधिकारी ने पोस्टमार्टम के समय घटनास्थल से बरामद नायलॉन बेल्ट को मेडिकल बोर्ड के सामने पेश नहीं किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि फांसी लगाने के कारण त्विषा की मौत हुई थी। शरीर के कई अन्य हिस्सों पर मौत से पहले की कई चोट मिली हैं।
फिर से पोस्टमॉर्टम की मांग
त्विषा के परिवार ने आरोप लगाया है कि पोस्टमॉर्टम के दौरान नायलॉन बेल्ट को डॉक्टर्स के सामने पेश न करने से मामला कमजोर हो गया और फॉरेंसिक जांच पर सवाल उठे हैं। त्विषा के परिवार ने AIIMS दिल्ली में फिर से पोस्टमॉर्टम कराने और मध्य प्रदेश से बाहर इस मामले की जांच की मांग की है।
परिवार का कहना है कि त्विषा के ससुराल का प्रभावशाली कानूनी बैकग्राउंड है और इससे जांच पर असर पड़ सकता है। परिवार ने मामले की CBI जांच की भी मांग की है।
एसीपी ने स्वीकार की गलती
इस मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) का नेतृत्व कर रहे मिसरोद के एसीपी रजनीश कश्यप ने स्वीकार किया है कि घटना स्थल से बेल्ट जब्त की गई थी लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान उसे जमा नहीं किया गया। कश्यप ने कहा कि इस बात की जांच की जा रही है कि यह गलती कैसे हुई और जांच में जो कुछ सामने आएगा, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसआईटी के इंस्पेक्टर सुनील दुबे ने सबसे पहले इस मामले की जांच शुरू की थी। उन्होंने Indian Express को बताया, “हमें AIIMS भोपाल से पता चला कि महिला की मौत हो चुकी है। जब तक हम AIIMS पहुंचे, तब हमें पता चला कि जिस बेल्ट का इस्तेमाल फांसी लगाने में हुआ था, उसका जिक्र शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट में नहीं था।”
इंस्पेक्टर दुबे ने बताया कि पुलिस टीम घर गई और क्राइम सीन की जांच की, जहां से एक्सरसाइज बैंड बरामद हुआ। इस बैंड का इस्तेमाल कथित तौर पर फांसी लगाने में किया गया था। उन्होंने बताया कि तब तक AIIMS में पोस्टमॉर्टम पूरा हो चुका था।
समर्थ सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी
दुबे ने बताया कि त्विषा के पति समर्थ सिंह को ढूंढने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। समर्थ सिंह के दो मोबाइल फोन बंद हैं। समर्थ का पासपोर्ट रद्द करने की मांग भी पुलिस ने की है। समर्थ सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया है।
त्विषा की सास गिरिबाला सिंह ने दहेज को लेकर हत्या किए जाने के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। सास ने कहा है कि उनके परिवार की ओर से त्विषा को उसकी जरूरतों के लिए 5000 से लेकर 50000 रुपये तक दिए जाते थे।
‘मेरा जीवन नरक हो गया है मम्मी’
33 साल की त्विषा शर्मा की मौत का मामला तूल पकड़ गया है। त्विषा के परिजन उसके शव का दिल्ली एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़े हैं। त्विषा मिस पुणे रह चुकी थीं और उसने नोएडा से एमबीए किया था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
