Suvendu Adhikari Latest News: मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के बीच पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने तंज कसा है। अधिकारी ने रविवार को कहा कि चारों तरफ फिर से “खटमल” निकल आए हैं और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

कोलकाता में विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में अधिकारी ने यह टिप्पणी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पश्चिम बंगाल में कोई भी राष्ट्रविरोधी गतिविधि नहीं होने देगी।

सतर्क और एकजुट रहना होगा- अधिकारी

सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “बहुत से खटमल फिर से चारों तरफ दिखाई देने लगे हैं। हमें सतर्क और एकजुट रहना होगा।” सीजेपी ने दो अक्टूबर को मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन किया था। इसमें मतदाता सूची के एसआईआर में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी।

10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान

सीजेपी ने कहा है कि यदि सीईसी ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन किया जाएगा। सीजेपी ने कहा है कि उन सभी लोगों को इस आंदोलन में शामिल होना चाहिए जो स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की मांग का समर्थन करते हैं।

मुख्यमंत्री अधिकारी ने आगे कहा कि राष्ट्रवादी युवाओं के एक समूह ने जादवपुर विश्वविद्यालय में राष्ट्रविरोधी ताकतों के खिलाफ प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा, “हमें उन्हें जड़ से उखाड़ना होगा।”

सीजेपी का आरोप है कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। अब निगाहें सीजेपी के 10 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन पर हैं। दूसरी ओर, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में पिछले तीन दिनों से प्रदर्शन हो रहा है।

रविवार को कुछ संगठनों और राजनीतिक दलों ने इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक मार्च निकालने की कोशिश की। भारतीय युवा कांग्रेस ने भी मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन आयोग और सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए।