Bareilly Dowry Murder: उत्तर प्रदेश के बरेली से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां के थाना सुभाष नगर क्षेत्र में एक महिला को पति द्वारा छत से फेंककर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। मायके वालों ने आरोप लगाया है कि दहेज की खातिर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

पति के साथ भेजने से इंकार कर दिया

थाना सुभाष नगर के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि मढ़ीनाथ के बंसी नगर मोहल्ले की रहने वाली मुस्कान का भुता क्षेत्र निवासी मुन्नालाल के साथ लगभग तीन वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। होली के पर्व पर मुस्कान यहां मायके में आई थी। उसका पति मुन्नालाल उसे वापस लेने के लिए रविवार को आया था। मायके वालों ने मुस्कान को पति के साथ भेजने से इंकार कर दिया। पति उसे किसी बहाने घर की छत पर ले गया, जहां से धक्का देकर उसे नीचे फेंक दिया।

महिला को घायलवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस को इसकी सूचना दिए बिना ससुरालजन शव को भुता ले गए, जहां उसका अंतिम संस्कार करने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन मायके वालों की शिकायत पर पुलिस ने भुता से शव को बरामद कर इसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

गौरतलब है कि इसी तरह के एक मामले में उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पत्नी को ‘तीन तलाक’ देने के मामले में आरोपी एक व्यक्ति समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि जन्नत बानो (21) नामक महिला ने शनिवार शाम को शहर कोतवाली में अपने पति डॉक्टर जैनुल आबिदीन और ससुराल के सात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया है।

शादी में सोने के नकली जेवर दिए

कोतवाली निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने रविवार को बताया कि मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र के निवासी उस्मान अली की बेटी जन्नत की शादी 21 दिसंबर 2024 को भदोही शहर के मखदूमपुर के रहने वाले आबिदीन से हुई थी। उन्होंने शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि शादी होने से पहले आबिदीन ने एक अस्पताल खोलने और पैथोलाजी लैब की मशीन खरीदने को जन्नत के परिजन से 10 लाख रुपए लिए थे। पूरी खबर पढ़ें…