बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव होना है। इस सीट पर बीजेपी, जन सुराज और राजद– तीनों ही पार्टियों ने पूरा दम लगाया हुआ है। सोमवार को बांकीपुर में तेजस्वी यादव रोड शो करने वाले हैं। उनके इस रोड शो को लेकर उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साहित हैं।

बांकीपुर में तेजस्वी यादव के रोड शो से पहले मीडिया से बातचीत में राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव का बांकीपुर में रोड शो है। वह नुक्कड़ सभाएं भी करेंगे।

शक्ति यादव ने बताया कि तेजस्वी विभिन्न वार्डों में मतदाताओं के बीच में जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी के तमाम नेता पहले से बांकीपुर उपचुनाव में जुटे हुए हैं, जिसकी वजह से बीजेपी की वाट लगी हुई है।

चुनाव आयोग पर बोला हमला

राजद प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग बीजेपी के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी दफ्तरों पर बीजेपी के झंडे लगाए जा रह हैं, कानून तोड़ा जा रहा है।

शक्ति यादव ने दावा किया कि चुनाव कार्यों में बीजेपी समर्थक अधिकारी लगाए गए हैं। उन्होंने कहा, “जीविका को भी लगाया जा रहा है, फिर उसको दस हजार देने की बात की जा रही है। ये ठीक नहीं है, आंदोलन हो जाएगा। निष्पक्ष चुनाव होना चाहिए।”

पीके बोले- मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए हो रहा जीविका दीदियों का इस्तेमाल

जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि वह उपचुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए जीविका दीदियों का इस्तेमाल कर रही है। पीके ने कहा कि अगर चुनाव आयोग इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करता है तो उनकी पार्टी आयोग के कार्यालय के बाहर धरना देगी।

कौन हैं जीविका दीदी?

बिहार में ‘जीविका दीदी’ राज्य सरकार की उस पहल से जुड़ी महिला सदस्यों को कहा जाता है, जिसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं का सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण करना है।

प्रशांत किशोर ने मांग की कि चुनाव आयोग यह स्पष्ट करे कि जीविका या किसी अन्य अर्द्ध-सरकारी संगठन से जुड़ी कोई भी महिला चुनाव संबंधी गतिविधियों में हिस्सा नहीं ले सकती।

प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि सरकार से आंशिक मानदेय प्राप्त करने वाली जीविका दीदियां बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं को बीजेपी के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

उन्होंने कहा, ”सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को जीविका दीदियों द्वारा धमकाया जा रहा है। उनसे कहा जा रहा है कि अगर उन्होंने बीजेपी को वोट नहीं दिया तो उन्हें सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभ बंद कर दिए जाएंगे।” 

यह भी पढ़ें: बांकीपुर में बीजेपी के उम्मीदवार बदलने से मजबूत हुए प्रशांत किशोर?

बीजेपी ने शुरू में अभिषेक कुमार को बांकीपुर उपचुनाव के लिए मैदान में उतारा था। हालांकि उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद पार्टी ने इस सीट से नीरज कुमार सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाया, जो पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं और नितिन नवीन के करीबी माने जाते हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।