मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ जंगल में बाघिन ने एक व्यक्ति पर हमला कर दिया लेकिन उसकी भैंसों ने उसकी जान बचा ली। भैंसों ने बाघिन पर हमला किया और उसे जंगल की ओर खदेड़ दिया। हमले में घायल रामनरेश ने पत्रकारों को बताया कि भैंसों ने बाघिन को जंगल की ओर खदेड़ दिया।।

एमपी के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र निदेशक अनुपम सहाय ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि बुधवार को पनपथा कोर क्षेत्र में रामनरेश सिंह मवेशियों की तलाश कर रहे थे तभी बाघिन ने उन पर हमला कर दिया। 36 वर्षीय रामनरेश अपनी दो भैंसों को खोज रहे थे तभी उनका सामना अपने शावक के साथ घूम रही बाघिन से हो गया।

भैंसों ने बाघिन को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया

बाघिन ने रामनरेश पर हमला कर दिया जिससे उनके हाथ में चोट लग गयी। इससे पहले कि वह उन्हें घसीटकर ले जातीं भैंसें दौड़कर सिंह के पास पहुंचीं और बाघिन को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। भैंसों ने बाघिन को जंगल की ओर खदेड़ दिया। डरे हुए रामनरेश तत्काल घटना के बारे में ठीक से नहीं बता पा रहे थे। रातभर इलाज के बाद उनकी हालत बेहतर हुई जिसके बाद उन्होंने घटना के बारे में बताया।

रामनरेश ने कहा, “मेरी भैंसों ने मेरी जान बचाई, अगर वे वहां नहीं होतीं तो मैं जिंदा नहीं बचता।” उन्होंने बताया कि बाघिन ने उन्हें पकड़ लिया था और उन्हें डर था कि वह उन्हें घसीटकर ले जाएगी। उन्होंने कहा, “मुझे लगा कि मेरी जिंदगी खत्म हो गई है, अगर भैंसों ने मुझे नहीं बचाया होता तो बाघिन मुझे घसीटकर ले जाती।”

वन विभाग ने सहायता के तौर पर 3000 रुपये दिए

बाद में उनके साथियों ने उन्हें जंगल में ढलान के नीचे पाया। उन्होंने रामनरेश के घायल हाथ पर पट्टी बांधी और खून बहना रोकने में मदद की। इसके बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। निदेशक अनुपम सहाय ने बताया, “रामनरेश को तुरंत मानपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत सामान्य है। उन्होंने कहा कि वन विभाग ने सिंह को तत्काल सहायता के तौर पर 3000 रुपये दिए हैं।” घटना के बाद इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।

यह भी पढ़ें: मोरबी में कुएं के पानी में अजीब हलचल

गुजरात में मोरबी जिले के एक दूरदराज गांव में स्थित 18 फुट गहरे कुएं में पिछले पांच दिन से लगातार उठ रहीं रहस्यमयी लहरों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस असामान्य घटना के पीछे किसी भी तरह की भूकंपीय गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें