बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने देहरादून में एक दुकान में हिंदू कर्मचारियों का उत्पीड़न किये जाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। यह घटना बृहस्पतिवार को राजपुर रोड स्थित जूते की एक दुकान पर हुई और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में जूते की एक दुकान पर हंगामा करते हुए और दो मुस्लिम कर्मचारियों की नेम प्लेट पर ‘जिहादी’ लिखते देखा जा सकता है।
बजरंग दल के उत्तराखंड प्रदेश संयोजक विकास वर्मा ने कार्यकर्ताओं का नेतृत्व किया। वर्मा ने दावा किया कि उन्होंने दुकान के प्रबंधक और सह-प्रबंधक द्वारा हिंदू कर्मचारियों के उत्पीड़न की शिकायत पर यह कार्रवाई की है।
विकास वर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “दोनों मुस्लिम प्रबंधक हिंदू कर्मचारियों को बिना अतिरिक्त वेतन दिए चार घंटे तक ‘ओवरटाइम’ करवाकर उन्हें निशाना बनाते थे। वे वेतन काटने के लिए उन पर चोरी का झूठा आरोप भी लगाते थे।”
यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने पहले पुलिस को मामले की सूचना दी थी तो वर्मा ने दावा किया कि पुलिस अधिकारियों ने पूर्व में उनके द्वारा उठाए गए इसी तरह के मुद्दों पर कोई कार्रवाई नहीं की।
इस बारे में पुलिस अधीक्षक (शहर) प्रमोद कुमार ने कहा, “हमें इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर कोई पुलिस से संपर्क करता है तो हम कार्रवाई करेंगे।”
धामी के नेतृत्व में ही उत्तराखंड चुनाव लडे़गी बीजेपी?
उत्तराखंड में राजनीतिक दल 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं, तो इधर भाजपा ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि वह 2027 का आगामी विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लड़ेगी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
