उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो चली है। शनिवार को एक बार फिर से समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के यूपी दौरे को लेकर तंज कसा है।
अखिलेश यादव ने कहा, “बहुत देर कर दी मेहरबाँ आते-आते”। उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश की जनता ने इस बार मन बना लिया है कि भारतीय जनता पार्टी का सफाया होगा और सफाया क्यों? क्योंकि आप एथेनॉल मिला रहे हैं, लेकिन किसान को कीमत नहीं दे रहे हैं।
सपा प्रमुख ने कहा कि आप (भाजपा सरकार) चीजों को महंगा कर रहे, लेकिन मुनाफा किसकी जेब में जा रहा है। आप नौकरी और रोजगार नहीं दे पा रहे हैं। किसानों की आय नहीं बढ़ा पा रहे हैं। अखिलेश ने पूछा- इन सवालों के जवाब आपके पास क्या हैं?
अखिलेश ने कहा कि आप तो 1 ट्रिलियन इकॉनोमी का सपना दिखा रहे थे, लेकिन 1 ट्रिलियन इकॉनोमी तो दूर, आपने चंदा चोरी कर लिया, चढ़ावा चोरी कर लिया।
इससे पहले शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लखनऊ में कहा कि यूपी में 30 वर्ष तक भाजपा की सरकार रहेगी। राहुल गांधी अगले 30 साल चुनाव नहीं जीतेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी अंगद का पांव है, जिसे कोई हिला नहीं सकता।
यूपी में UCC लागू करेंगे- अमित शाह
शाह ने दिग्गजों की मौजूदगी में भाजपा की यूपी टीम में जोश भरा और कहा कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बना दो यहां भी यूसीसी लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया गया है। अगला नंबर उत्तर प्रदेश का है। उन्होंने कहा कि आप उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाएं और हम यहां यूसीसी लागू करेंगे।
वोट चोरी के आरोपों पर उन्होंने राहुल और अखिलेश को खुली चुनौती दी। अमित शाह ने कहा कि मैं राहुल गांधी और अखिलेश यादव को चुनौती देता हूं कि आइए संसद में वोट चोरी पर चर्चा करते हैं। विशेष सत्र का आयोजन करते हैं। हम जवाब देने को तैयार हैं, लेकिन ये लोग संसद में चर्चा नहीं करेंगे।
अमित शाह ने भाजपा उत्तर प्रदेश की टीम से कहा कि आप कमर कस लो। अर्जुन की तरह मछली की आंख पर नजर रखो,हमें सरकार बनानी है। शाह ने कहा कि 2014 में तो हमारे केवल 44 विधायक थे। उस समय तो बहुत निराशा थी,मैं तहसील तक गया। एक बार संगठन ठीक हो गया तो 2014 में यूपी में 41 प्रतिशत वोट के साथ लोकसभा की 73 सीट जीतीं। 2017 में नोटबंदी हुई थी तो अखिलेश यादव को रात भर नींद नहीं आई थी और हमने 40 प्रतिशत वोट लेकर 312 सीट जीती थीं। शाह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार अंगद का पैर है, जिसे कोई हिला नहीं सकता।
‘अगर भाजपा सत्ता में लौटी तो UCC लागू होगा’, यूपी विधानसभा चुनाव से पहले अमित शाह का ऐलान
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा बयान दिया है। अमित शाह ने भाजपा कार्यसमिति की बैठक में लखनऊ में कहा कि कई प्रदेशों में UCC लागू हो चुका है, अगर पार्टी अगले साल विधानसभा चुनाव में सत्ता में वापस आती है तो वह उत्तर प्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करेगी। पढ़ें पूरी खबर।
