Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को निशाना बनाने वाले कई पोस्टर लगाए गए। इससे राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। समाजवादी पार्टी ने बीजेपी और उसके सहयोगियों पर उन्हें असामाजिक तत्व बताकर सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने की कोशिश करने का आरोप लगाया, जबकि उत्तर प्रदेश के मंत्री और सुभासपा के चीफ ओपी राजभर ने पोस्टरों का बचाव करते हुए उन्हें सही बताया।
लखनऊ, मथुरा, सीतापुर, बाराबंकी और अन्य जगहों पर लगाए गए पोस्टरों में दिल में बाबर, मुंह में राम का नारा लिखा हुआ दिखाई दिया था। इनमें मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव को ऐसी टोपियां पहने दिखाया गया था जो आमतौर पर मुस्लिम समुदाय से जुड़ी होती हैं। पीटीआई के अनुसार, इन पोस्टरों को किसने लगाया है, इसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
सपा के सांसद और कार्यकर्ताओं ने हटाए पोस्टर
सीतापुर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हाईवे और बाईपास पर स्थित कांशीराम कॉलोनी के पास लगाए गए पोस्टरों को हटा दिया। समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर खुद एक होर्डिंग को हटाया और इस घटना को कायरतापूर्ण कृत्य बताया।
भदौरिया ने कहा, “यह दूसरी बार है जब इस तरह के होर्डिंग दिखाई दिए हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि इसके पीछे भाजपा का हाथ है। जहां भी इस तरह के पोस्टर दिखाई दें, उन्हें फाड़कर जला देना चाहिए।”
ओपी राजभर ने क्या कहा?
पोस्टर विवाद पर यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने प्रतिक्रिया दी है। राजभर ने पीटीआई को बताया, “ये पोस्टर उचित हैं। बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद संसद की कार्यवाही पर नजर डालें तो रामगोपाल यादव, मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव ने बार-बार कहा कि उन्होंने कार सेवकों पर गोली चलाने का आदेश देने की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने यह भी कहा था कि भले ही हिंदू उन्हें वोट न दें, वे मुसलमानों की रक्षा के लिए खड़े रहेंगे। ये पोस्टर उन्हीं बयानों का जवाब हैं।”
यह भी पढ़ें: जब पहली बार भाजपा के समर्थन से मुख्यमंत्री बने थे मुलायम सिंह यादव; तब से यूपी की सत्ता में नहीं लौटी कांग्रेस
उत्तर प्रदेश एक ऐसा राज्य जिसका राजनीतिक महत्व किसी से छिपा नहीं है। इस राज्य ने देश को आठ प्रधानमंत्री दिए हैं। लोकसभा सीटों और विधानसभा सीटों के लिहाज से भी देश का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश है। यही वजह है कि देश की राजनीति में इसकी अहम भूमिका है। इस राज्य ने कई उतार-चढ़ाव के दौर भी देखे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
