Azam Khan Jauhar University: उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार के दौरान वरिष्ठ मंत्री रहे आज़म खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। उनकी मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय पर बुलडोजर चलाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। बुधवार को जिला मजिस्ट्रेट अजय कुमार द्विवेदी ने अहम सुनवाई में प्रबंधन के तर्कों को खारिज दिया था। इसके चलते अब रामपुर विकास प्राधिकरण ने यूनिवर्सिटी को ध्वस्त करने की प्रक्रिया का काम शुरू कर दिया है।
दरअसल, जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर आरडीए की जांच में पाया गया कि परिसर में निर्मित कुल 40 भवनों में से केवल दो के पास ही स्वीकृत नक्शे थे, जबकि 38 भवन बिना नक्शे के बनाए गए थे। इसी आधार पर प्राधिकरण ने विश्वविद्यालय प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगते हुए सख्त नोटिस जारी किया था।
खुद बुलडोजर चला लें, या 15 दिन बाद प्रशासन चलाएगा
जौहर यूनिवर्सिटी के विषय में डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने कहा, “नियमों के अनुसार, संस्था को इस अवैध निर्माण को स्वयं हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। यदि ऐसा नहीं होता है, तो आरडीए स्वयं कार्रवाई करेगा और इस अवैध निर्माण को हटा देगा।”
डीएम ने कहा, “आज़म खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आज़म को 17 नवंबर, 2025 से रामपुर जेल में रखा गया है। रामपुर की विशेष सांसद-विधायक अदालत ने उन्हें दो पैन कार्ड रखने के मामले में 7 साल की सजा सुनाई थी। आज़म की पत्नी तनज़ीन फातिमा जमानत पर बाहर हैं।”
नियम के अनुसार काम करने की कही बात
इस मामले में प्रशासन ने तर्क दिया है कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन नियमों से पूरी तरह वाकिफ था क्योंकि उन्होंने दो भवनों के नक्शे पहले जिला पंचायत से पास करवाए थे। ऐसे में शेष भवनों के लिए नक्शा न लेना एक बड़ी लापरवाही मानी जा रही है। इसको लेकर जिला प्रशासन का कहना है कि सुनवाई का पूरा अवसर देने के बाद ही यह कानूनी कदम उठाया गया है।
कौन हैं आजम खान?
आजम खान उत्तर प्रदेश के एक रसूखदार राजनेता और समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं। वह रामपुर विधानसभा क्षेत्र से 10 बार विधायक रहे हैं और इसके साथ ही सांसद और यूपी सरकार में कद्दावर कैबिनेट मंत्री की भूमिका भी निभा चुके हैं।
राजनीति के अलावा, रामपुर में ‘मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय’ की स्थापना उनके प्रमुख ड्रीम प्रोजेक्ट्स में से एक रही है, लेकिन अब उनका ये ड्रीम प्रोजेक्ट बर्बादी की ओर जाता दिख रहा है।
यह भी पढ़ें: ‘जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, आज वो आस्था की बात करते हैं’, राम मंदिर को लेकर सीएम योगी ने सपा पर बोला हमला
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर में चंदे की चोरी की आलोचना करने पर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने विपक्षी पार्टी पर पाखंड का आरोप लगाया और उसे आस्था के मामलों में अपने पुराने रिकॉर्ड को याद करने की बात कही। योगी आदित्यनाथ ने यह बातें बुधवार को ‘पंचायत आज तक’ में कहीं। पढ़िए पूरी खबर…
