Delhi News: दिल्ली सरकार से पेंशन लेने वाली विधवाओं और दिव्यांगजनों को अब प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ मिल सकेगा। अब उनके द्वारा भी प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ उठाया जा सकेगा। यह फैसला मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया।

मुख्यमंत्री का कहना है कि यह फैसला लाखों जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सीधा बदलाव लाने वाला साबित होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि विधवा पेंशन के करीब तीन लाख 96 हजार 615 लाभार्थी महिलाओं और दिव्यांग पेंशन के लगभग एक लाख 31 हजार 515 लाभार्थियों को योजना का सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि दिल्ली का कोई भी गरीब, कमजोर या जरूरतमंद नागरिक इलाज के अभाव में वंचित न रहे।

रेखा गुप्ता ने बताया कि इस फैसला के बाद लगभग 5.5 लाख अतिरिक्त परिवार स्वास्थ्य सुरक्षा की मजबूत छतरी के नीचे आ जाएंगे। ये परिवार पहले से योजना का लाभ ले रहे अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) और प्राथमिकता (पीएचएच) श्रेणी के परिवारों, 70 साल व उससे ज्यादा उम्र के वरिष्ठ नागरिकों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के अतिरिक्त होंगे। इस प्रकार दिल्ली में स्वास्थ्य सुरक्षा का दायरा और बढ़ेगा।

रेखा सरकार ने अब तक कितने आयुष्मान कार्ड जारी किए

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक राष्ट्रीय राजधानी में सात लाख 23 हजार 707 आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से दो लाख 74 हजार 620 कार्ड वरिष्ठ नागरिकों को दिए गए हैं। राजधानी में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 208 अस्पतालों का व्यापक नेटवर्क सूचीबद्ध किया गया है, जिनमें 156 प्राइवेट और 53 सरकारी अस्पताल शामिल हैं। राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण (एसएचए) दिल्ली के माध्यम से अब तक 29,120 से अधिक लाभार्थी पीएम जन आरोग्य योजना के तहत उपचार प्राप्त कर चुके हैं।

रेखा गुप्ता ने कहा कि यह निर्णय केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि दिल्ली के हर जरूरतमंद परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा संकल्प है। यह पहल एक स्वस्थ, संवेदनशील, समावेशी और सशक्त दिल्ली के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में खुली नई 25 ‘अटल’ कैंटीन, 5 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन

दिल्ली सरकार ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में 25 अटल कैंटीन का उद्घाटन किया। यह कैंटीन शहरी गरीबों, मजदूरों और अन्य वंचित निवासियों को किफायती और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…