अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रही जंग का असर अयोध्या में चलने वाली राम रसोई पर भी पड़ा है। अयोध्या की राम रसोई में बुधवार को खाना नहीं बन सका। राम रसोई का प्रबंधन करने वाले अमावा मंदिर प्रबंधन की ओर से एक पोस्टर चिपकाया गया है।
पोस्टर में कहा गया है कि अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध की वजह से देश में रसोई गैस की किल्लत हो गई है और इस वजह से आपातकालीन स्थिति में आज की राम रसोई को स्थगित किया जाता है।
गैस की किल्लत की वजह से राम रसोई में श्रद्धालुओं के लिए भोजन बना पाना काफी मुश्किल हो गया है। इस वजह से राम रसोई के बाहर कुछ ही लोग दिखाई दिए।
इसके अलावा भी देश भर में कई जगह से इस तरह की खबरें आ रही हैं कि एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से कई रेस्तरां पर असर पड़ा है। हालांकि केंद्र सरकार की ओर से बार-बार कहा गया है कि देश में गैस और तेल की आपूर्ति को लेकर किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है।
योगी सरकार सतर्क, अधिकारियों को दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में रसोई गैस एजेंसियों के बाहर उमड़ती भीड़ को देखते हुए राज्य सरकार ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति बाधित होने की खबरों के बीच कालाबाजारी से निपटने के लिए कमर कस ली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को पूरे राज्य में कड़ी निगरानी और कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग की टीम ने तेल और रसोई गैस की जमाखोरी एवं कालाबाजारी को रोकने के लिए नोएडा से गोरखपुर तक जगह-जगह छापे मारे।
अधिकारियों ने कहा कि मजिस्ट्रेट और प्रवर्तन दल गौतम बुद्ध नगर समेत विभिन्न जिलों में पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर सघन निरीक्षण कर रही है ताकि इन चीजों की कालाबाजारी न हो सके।
लखनऊ समेत राज्य के कई हिस्सों से रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए बेचैन घरेलू उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी गईं। कुछ लोगों ने कहा कि वे सिलेंडर पाने के लिए कई घंटों से इंतजार कर रहे थे। यहां कैसरबाग समेत शहर के कुछ स्थानों पर कुछ गैस एजेंसियों के बाहर रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। हालांकि, अधिकारियों ने साफ किया कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई
एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उपभोक्ताओं की सुविधा राज्य सरकार की प्राथमिकता है। अगर कोई व्यक्ति तेल या गैस की कालाबाजारी करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।”
यह भी पढ़ें- LPG संकट से तमिलनाडु में रेस्टोरेंट बंद होने का खतरा
इजरायल-ईरान युद्ध के बीच भारत में लोग एलपीजी संकट से परेशान हैं। तमिलनाडु में होटल और रेस्टोरेंट मालिकों का कहना है कि यह स्थिति उन्हें COVID-19 संकट के समय की याद दिला रही है जब लॉकडाउन लगाना पड़ा था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
