अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में दान और चढ़ावे में मिली कथित गड़बड़ियों का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट में इस संबंध में याचिका दायर की गई है। इस याचिका में भक्तों द्वारा दिए गए दान और चढ़ावे के प्रबंधन में कथित हेराफेरी की जांच करने की मांग की गई है।

याचिका में एडवोकेट अनूप प्रकाश अवस्थी ने सुप्रीम कोर्ट से आग्रह किया है कि वह इस दान में कथित गड़बड़ी की जांच के लिए एफआईआर दर्ज करने और सीबीआई से अदालत की निगरानी में इसकी जांच करने का निर्देश देने पर विचार करे।

याचिका में भक्तों के चढ़ावे की सुरक्षा करने, मंदिर के फंड का कलेक्शन, अकाउंटिंग और खर्च में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए न्यायिक निगरानी तंत्र बनाने की भी मांग की गई है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा यह मामला उठाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर काफी चर्चा हुई है। इस मामले में नेताओं के साथ ही साधु-संतों के बयान भी आए हैं। इस मामले के तूल पकड़ने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने एसआईटी का गठन किया है। एसआईटी में लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस महानिरीक्षक किरण एस. और वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन को शामिल किया गया है।

अखिलेश यादव के अलावा कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने भी इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जांच में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी: नृपेंद्र मिश्रा

राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने सोमवार को कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट की दान राशि में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही एसआईटी के द्वारा कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। अयोध्या में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मिश्रा ने कहा कि मंदिर ट्रस्ट जांच में पूरा सहयोग करेगा और एसआईटी को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मिश्रा ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने रविवार को जिला प्रशासन से भी बातचीत की थी और प्रशासन ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।

इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा था कि ट्रस्ट का आंतरिक ऑडिट जारी है और अब तक ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया है, जो आरोपों की पुष्टि करता हो।

‘बीजेपी वालों को चोरी की आदत है’

शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी को लेकर केंद्र की बीजेपी सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोगों को चोरी की आदत है और वे ईवीएम से लेकर भगवान राम को चढ़ाए गए चढ़ावे तक सब कुछ चुरा लेते हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।