उत्तर प्रदेश में विधान परिषद चुनाव के नतीजों पर समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता आशुतोष वर्मा ने कहा कि ‘अयोध्या तो सिर्फ झांकी थी, मथुरा-काशी बाकी थी।’ उन्होंने कहा कि लखनऊ भी अब मैदान में उतर आया है।

आशुतोष वर्मा ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि यह एक पंक्ति एमएलसी चुनाव के पूरे नतीजे को बखूबी बयां करती है। उन्होंने कहा, “इस चुनाव में स्नातकों और पढ़े-लिखे शिक्षकों ने अपने वोट से भाजपा के पूरे मॉडल को निर्णायक रूप से खारिज कर दिया है। उन्होंने अयोध्या, काशी, मथुरा और लखनऊ, सभी मॉडलों को नकार दिया है।”

सपा नेता ने कहा, “मतदाताओं ने साफ संदेश दिया है कि अगर आप लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करेंगे और उनके भविष्य को खतरे में डालेंगे, तो आपको भी वही नतीजा भुगतना पड़ेगा, जो कल के चुनाव में देखने को मिला।”

सपा चार सीटों पर विजयी, एक पर आगे

उत्तर प्रदेश में 11 शिक्षक और स्नातक सीटों पर हुए चुनाव में सपा ने चार सीटों पर जीत दर्ज की है और एक पर बढ़त बनाए हुए है। ये जीत इसलिए अहम है क्योंकि जिन सीटों पर सपा ने जीत हासिल की है, वे पारंपरिक रूप से भाजपा के गढ़ माने जाते हैं।

सपा ने हाई स्टेक वाराणसी शिक्षक सीट पर दर्ज करने के अलावा एक अन्य हाई प्रोफाइल सीट लखनऊ स्नातक से जीत दर्ज की है। वाराणसी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है, तो लखनऊ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का।

लखनऊ स्नातक सीट से सपा के कांति सिंह ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अवनीश कुमार सिंह को 17,127 वोटों के अंतर से हराया।

वाराणसी शिक्षक सीट पर सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को 4,898 मतों (वोटों) के अंतर से हराया। आगरा शिक्षक सीट से सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने जीत दर्ज की है, जबकि झांसी स्नातक सीट सपा के उम्मीदवार डॉ. मान सिंह यादव विजयी रहे। वहीं, वाराणसी स्नातक सीट पर सपा के आशुतोष सिन्हा बढ़त बनाए हुए हैं।