उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अयोध्या का दौरा करेंगे और दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेंगे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी अयोध्या यात्रा के दौरान हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन करेंगे। बयान में बताया गया कि इसके अलावा वह साकेत महाविद्यालय, राम की पैड़ी, राम कथा पार्क और सरयू आरती स्थल का निरीक्षण करेंगे।

दीपोत्सव के मुख्य अतिथियों और अतिविशिष्ट लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक भी प्रस्तावित है। सीएम योगी के दोपहर एक बजे तक अयोध्या पहुंचने का अनुमान है। मुख्यमंत्री योगी के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. गौरव ग्रोवर ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया।

बारिश से तैयारियों पर पड़ा था असर

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों में हुई बारिश से तैयारियों पर थोड़ा असर पड़ा था, लेकिन पहले से जारी तैयारियों के कारण कोई बड़ी समस्या नहीं आई है। उन्होंने बताया कि सभी तैयारियां समय से हो रही हैं और मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान अगर कोई कमी सामने आती है तो उसे तत्काल दूर कराया जाएगा।

जोन-सेक्टर में बांटकर तैयारियों की हो रही निगरानी

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि दीपोत्सव क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटकर तैयारियों की निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था के लिए भी जरूरी इंतजाम किए गए हैं और पूरे आयोजन क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि येलो जोन कंट्रोल रूम के साथ एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र भी बनाया जा रहा है।

एक अन्य आधिकारिक बयान के अनुसार, अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाई देने वाले इस आयोजन के तहत श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र परिसर में एक लाख दीप जलाए जाएंगे। दीप प्रज्ज्वलन के लिए मंदिर परिसर में करीब एक हजार कार्यकर्ता सेवा देंगे और इसके लिए पूरे परिसर को पांच जोन में बांटकर प्रत्येक जोन के प्रभारी व उनकी टीम की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।

यह भी पढ़ें: ‘अखिलेश जब आजम खान के नहीं हुए तो मेरे क्या होंगे’, स्वामी प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख पर कसा तंज

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के बीच इंडिया गठबंधन में शामिल होने को लेकर जुबानी जंग छिड़ गई है। अखिलेश ने शुक्रवार को साफ कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य उनके गठबंधन में शामिल नहीं हैं। इस पर अब स्वामी प्रसाद मौर्य ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि जब अखिलेश यादव अपनी पार्टी के नेता आजम खान के नहीं हुए, तो स्वामी प्रसाद मौर्य के क्या होंगे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…