Action On Marriage Act: असम में बाल विवाह (Marriage Act) करने वालों पर सरकार की नजरें तिरछी हो गई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा। गुरुवार को नागांव जिले के अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने घोषणा की कि अगले एक हफ्ते में, असम में कम उम्र की लड़कियों से शादी करने वाले हजारों पुरुषों को गिरफ्तार किया जाएगा।
पहले ऐसा कर चुके लोग भी फंसेंगे
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “शुक्रवार तीन फरवरी से बाल विवाह में शामिल हजारों लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा। अगले छह-सात दिनों में 18 साल से कम उम्र की लड़कियों से शादी करने वाले ऐसे कई युवकों और पुरुषों को पकड़ा जाएगा।” मुख्यमंत्री ने साफ किया कि जो लोग पहले ऐसा कर चुके हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
14 वर्ष से कम उम्र वालों पर लगेगा पॉक्सो एक्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 वर्ष से कम उम्र की लड़कियों से विवाह करने वालों पर पॉक्सो एक्ट लगाया जाएगा और उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। जनवरी में बाल विवाह पर कार्रवाई शुरू करने के तुरंत बाद, असम पुलिस ने बारपेटा जिले में एक नाबालिग लड़की की शादी की कथित व्यवस्था करने के आरोप में एक दूल्हे और एक इमाम सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया। असम में अब तक बाल विवाह के खिलाफ कुल 4,004 मामले दर्ज किए गए हैं।
इससे पहले त्रिपुरा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा पिछले पांच वर्षों के दौरान हुए विकास के दम पर त्रिपुरा में अगली सरकार बनाएगी। भाजपा ने राज्य की एकता और विकास एवं लोगों के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है।’’
शर्मा ने कहा, “त्रिपुरा में हुए विकास, देश के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने और मुख्यमंत्री के चेहरे के आधार पर विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत को लेकर कोई संदेह नहीं होना चाहिए।” उन्होंने कहा कि पिछली बार की तरह भाजपा का आईपीएफटी के साथ गठबंधन है, क्योंकि वह एक “पुरानी सहयोगी” है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए शर्मा ने दावा किया कांग्रेस पूरे देश में नहीं है, जबकि माकपा दुनिया में कहीं नहीं है। दोनों दलों को शून्य करार देते हुए उन्होंने कहा, “यदि हम दो शून्य जोड़ते हैं तो जोड़ भी शून्य होगा।”