दिल्ली सरकार ने अपने टॉप अधिकारियों के सामने बिना इजाजत छुट्टियां लेने का मामला उठाया है। दिल्ली सरकार ने अपने इन अधिकारियों से कहा है कि वह किसी भी तरह छुट्टियों को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और संबंधित मंत्रियों की इजाजत लें।

सर्विस सेक्रेटरी नंदिनी पालीवाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अधिकारी छुट्टी लेने के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिसे मुख्यमंत्री ने काफी गंभीरता से लिया है।

एलजी पहले भी दे चुके हैं आदेश

एलजी के पुराने आदेशों के अनुसार, सभी बड़े अफसरों (जैसे एडिशनल चीफ सेक्रेटरी, प्रिंसिपल सेक्रेटरी और विभागाध्यक्षों) को किसी भी तरह की छुट्टी (यहां तक कि 1-2 दिन की कैजुअल लीव) लेने से पहले मुख्यमंत्री और अपने विभाग के मंत्री को पहले से जानकारी देना जरूरी है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, सर्विस डिपार्टमेंट ने विभाग के सभी बड़े अधिकारियों को नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दोबारा दिया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि विभागाध्यक्ष और उनसे ऊपर के अधिकारियों की हर छुट्टी की अर्जी की एक कॉपी मुख्यमंत्री के सेक्रेटरी को भी भेजी जाएगी।

आदेश का पालन न करने पर होगा एक्शन

आदेश में अधिकारियों को यह भी चेतावनी दी गई है कि अगर इन निर्देशों का पालन नहीं किया तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा और नियम तोड़ने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी हो सकती है।

अधिकारियों के मुताबिक, बिना बताए या अनुमति लिए छुट्टी पर चले जाना एक ‘पुरानी समस्या’ बन चुकी है। हालांकि इस बारे में पहले भी बार-बार निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद, सरकार द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को नियम मानने और सही प्रक्रिया का पालन करने का सख्त निर्देश देना यह दर्शाता है कि यह मामला कितना गंभीर और महत्वपूर्ण हो चुका है।

पिछले साल कैबिनेट मंत्री आशीष सूद के कार्यालय की तरफ से गृह, शिक्षा, उच्च शिक्षा, शहरी विकास और बिजली विभाग के अधिकारियों को व्हाट्सएप के जरिए छुट्टी मांगने के निर्देश दिए गए थे। तब अधिकारी बिना किसी पूर्व सूचना के छुट्टी ले रहे थे, या फिर जिस छुट्टी वाले दिन ही व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर छुट्टी मांग रहे थे।

यह भी पढ़ें: CM रेखा गुप्ता के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग, कोर्ट में याचिका दाखिल

दिल्ली की एक अदालत ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग वाली याचिका पर दिल्ली पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।