अमेरिका में अब्दुल अल-सैयद के सिनेट चुने जाने के कुछ घंटों बाद एआईएमआईएम के अध्यक्ष और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को कहा कि अब जबकि अमेरिकी मिड टर्म चुनाव में अब्दुल जीत गया है, तो उत्तर प्रदेश के अब्दुल को अपनी राजनीति पहचान मजबूत करनी होगी।

अमेरिका में हुए मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार अब्दुल-अल-सैयद ने मिशिगन से जीत दर्ज की थी। इस जीत के साथ वह अमेरिका की सीनेट के लिए चुने जाने वाले पहले मुस्लिम बन गए।

असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “मिशिगन में एक अब्दुल जीत गया है। अब उत्तर प्रदेश के अब्दुल को अपनी राजनीतिक पहचान मजबूत करनी होगी। संघियों ने ‘अब्दुल’ को ताना बनाने की बहुत कोशिश की है। अब वक्त आ गया है कि हम उन्हें दिखा दें कि अब्दुल किसी के सामने नहीं झुकता, सिर्फ अल्लाह के सामने झुकता है। अब हम किसी के लिए जानमाज नहीं बिछाएंगे।”

उत्तर प्रदेश में हाल की अपनी चुनावी सभाओं में असदुद्दीन ओवैसी मुस्लिमों से नेहरू-गांधी परिवार और यादव नेताओं पर निर्भर रहना छोड़ने और अपने समुदाय के भीतर से नेतृत्व तैयार करने की अपील कर रहे हैं।

मुस्लिम नेतृत्व की वकालत

पिछले महीने के आखिर में रामपुर की एक रैली में असदुद्दीन ओवैसी ने कहा था, “उन्हें परेशानी इस बात से है कि कोई अब्दुल (मुस्लिम) नेता क्यों बने। वे चाहते हैं कि अब्दुल सिर्फ नेहरू-गांधी परिवार या यादव परिवार के लोगों के बैठने और आराम करने के लिए कालीन बिछाता रहे। लेकिन अब्दुल इस दुनिया में सिर्फ कालीन बिछाने के लिए नहीं आया है।”

ओवैसी के इस बयान पर तेलंगाना कांग्रेस ने उनकी आलोचना की थी। हैदराबाद लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रभारी मोहम्मद वलीउल्लाह समीर ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा था, “ओवैसी जिस नेतृत्व के मॉडल की बात कर रहे हैं, उसे उन्होंने हैदराबाद या तेलंगाना में कभी लागू नहीं किया। अब वह उसी मॉडल को दूसरे राज्यों में ले जा रहे हैं।”

ओवैसी के ये बयान उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर उनकी व्यापक रणनीति का हिस्सा हैं। पिछले कुछ महीनों से उन्होंने राज्य में अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। वह अक्सर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के मजबूत जनाधार वाले इलाकों में जनसभाएं कर रहे हैं।

हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव, पार्टी के मुस्लिम विधायकों और स्थानीय नेताओं पर तीखे हमले किए हैं। उनका आरोप है कि ये नेता मुस्लिमों के हितों की रक्षा नहीं कर रहे और उन्हें सिर्फ वोट बैंक समझते हैं।

हालांकि, असदुद्दीन ओवैसी ने सपा के साथ गठबंधन की संभावना भी खुली रखी है। उनका कहना है कि भाजपा को उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार जीतने से रोकने के लिए उनकी पार्टी दूसरे विपक्षी दलों के साथ हाथ मिलाने को तैयार है। लेकिन इसके लिए एआईएमआईएम को गठबंधन में बराबर की राजनीतिक भागीदारी यानी ‘हिस्सेदारी’ देनी होगी। ओवैसी का कहना है कि उनकी पार्टी किसी के अधीन रहकर काम नहीं करेगी।

यह भी पढ़ें-भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी ओहायो में गवर्नर का चुनाव हारे, डोनाल्ड ट्रंप के लिए बड़ा झटका

US midterm elections: अमेरिका के मिड टर्म चुनाव में भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी ओहायो के गवर्नर पद का चुनाव हार गए। डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार एमी एक्टन ने उन्हें करीब छह प्रतिशत मतों से शिकस्त दी। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।