उत्तर प्रदेश पुलिस ने गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में सूर्या नाम के युवक की हत्या के मुख्य आरोपी असद का रविवार सुबह एनकाउंटर कर दिया है। सूर्या की हत्या के बाद से ही असद फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस ने घोषित किया 50 हजार रुपये का इनाम
डीसीपी धवल जायसवाल ने ANI को बताया, “28 मई को सूर्या चौहान को असद नाम के एक व्यक्ति ने चाकू मार दिया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। सूर्या के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस मामले में तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस घटना का मुख्य आरोपी असद फरार था और पुलिस टीम ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।”
डीसीपी जायसवाल ने बताया कि रविवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि असद खोड़ा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में अपने कुछ दोस्तों से मिलने जा रहा है और उनसे कुछ पैसे लेकर भागने की फिराक में है।
डीसीपी के मुताबिक, इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पूरे इलाके की तलाशी ली। इस दौरान असद और उसका एक दोस्त बाइक पर वहां पहुंचे। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने और चेतावनी देने की कोशिश की, लेकिन रुकने के बजाय उन्होंने पुलिस टीम पर गोली चलानी शुरू कर दी।
डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें असद को गोली लगी है। असद को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। गोलीबारी के दौरान एक कांस्टेबल भी घायल हो गया है और उसे भी अस्पताल ले जाया गया है। असद की साइकिल और गोली चलाने में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद कर ली गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरी घटना की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
सूर्या की मां सरोज ने ANI से कहा, “…मैंने सिर्फ एक व्यक्ति का एनकाउंटर देखा है… लेकिन मैं असद की तस्वीर देखना चाहती हूं। बाकी लोगों का भी एनकाउंटर इसी तरह होना चाहिए।”
सरोज ने कहा कि सात लोगों ने मिलकर मेरे बेटे की हत्या है, सबके घरों पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए।
हिंदू संगठनों ने किया था प्रदर्शन
इस मामले में हिंदू संगठनों ने खोड़ा में जोरदार प्रदर्शन किया था। सूर्या की बहन ने कहा था कि असद ने उनके भाई के पेट में छुरा घोंपा है। बहन ने कहा था कि ईद वाले दिन उनका भाई घर पर था, उसे फोन करके बुलाया गया और इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।
उत्तर प्रदेश के लोगों को बड़ा झटका, महंगी हुई बिजली
उत्तर प्रदेश में बिजली महंगी हो गई है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने बिजली बिल में 10% अतिरिक्त शुल्क लगाने का फैसला किया है। इस वजह से अगले यानी जून महीने से लोगों को बिजली का बढ़ा हुआ बिल देना होगा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
