आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के एक पेट्रोल पंप और सर्विस स्टेशन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने E20-ब्लेंडेड पेट्रोल के असर के बारे में वहां मौजूद गाड़ी मालिकों से बात की। इसके बाद उन्होंने कहा कि फ्यूल को लेकर सरकार के दावे और ग्राहकों के अनुभव मेल नहीं खा रहे हैं।

उन्होंने उन कार मालिकों से बात की जो पेट्रोल भरवाने आए थे और उनसे भी जिनकी गाड़ियां मरम्मत के लिए आई थीं, ताकि वे गाड़ियों पर E20 पेट्रोल के असर को समझ सकें।

वाहनों में दिक्कतें आ रही हैं- केजरीवाल

इन बातों का जिक्र करते हुए अरविंद केजरीवाल ने बताया कि लोगों ने लगातार शिकायत की है कि E20 पेट्रोल के कारण उनके गाड़ी का माइलेज कम हो गया है और उनके वाहनों में मैकेनिकल दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि E20 के बारे में सरकार के दावे सरासर झूठें हैं और एथनॉल-ब्लेंडेड फ्यूल की वजह से आम लोगों को परेशानी हो रही है।

एक्स पर रखी बात

अपने दौरे के बाद, आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर भी आम लोगों की जमीनी समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा, “आज मैं जमीनी हकीकत समझने के लिए दिल्ली के एक पेट्रोल पंप और सर्विस स्टेशन पर गया। सरकार सरासर झूठ बोल रही है। E20 पेट्रोल से सचमुच गाड़ियों में दिक्कतें आ रही हैं। एथनॉल की वजह से आम लोग बहुत परेशान हैं। मैंने जिन भी लोगों से बात की, उनमें से लगभग सभी ने कहा कि उनकी गाड़ियों का माइलेज कम हो गया है और कई लोगों ने मैकेनिकल दिक्कतों की शिकायत की है।”

सरकारी के मंत्री अपशब्द कहते हैं- अरविंद केजरीवाल

उन्होंने कहा, “पिछले कुछ दिनों से मैं देख रहा हूँ कि देश में जो कोई भी E20-ब्लेंडेड पेट्रोल का विरोध करता है, उसे इस सरकार के मंत्री अपशब्द कहते हैं। उन्हें देश-विरोधी, गद्दार, पेट्रोल लॉबी का एजेंट, बेरोजगार सामाजिक कार्यकर्ता और न जाने क्या-क्या कहा जाता है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहना चाहता हूँ कि इस तरह का अहंकार ठीक नहीं है।”

पीएम को देशवासियों का अपमान नहीं करना चाहिए- केजरीवाल

AAP प्रमुख ने कहा, “जो लोग E20 पेट्रोल को लेकर चिंता जता रहे हैं, वे इसके असर से परेशान हैं। वे हमारे देशवासी हैं। वे देशद्रोही नहीं हैं, बल्कि देशभक्त हैं। उन्हें इस तरह बुरा-भला कहना गलत है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहना चाहता हूं कि उनका इस तरह अपमान नहीं किया जाना चाहिए। हम लोकतंत्र में रहते हैं। उनकी बात सुननी चाहिए। उनकी शिकायतों को सुनना और उनका समाधान करना सरकार का कर्तव्य है।”

यह भी पढ़ें: ‘पेट्रोल 82 रुपये लीटर बिकना चाहिए’, केजरीवाल ने सरकार से की बड़ी मांग

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को मांग उठाई कि ईंधन की कीमतों में कमी की जानी चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि सरकार को पेट्रोल की कीमत 102 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 82 रुपये प्रति लीटर करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार तेल कंपनियों को अनुचित मुनाफा कमाने का मौका दे रही है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें