अरविंद केजरीवाल ने कहा- पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी APP
केजरीवाल ने अमरिंदर सिंह की पंजाब सरकार पर हमला बोला और उसके सभी मोर्चों पर असफल रहने का आरोप लगाया।

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी पंजाब में लोकसभा की सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, “हम राज्य की सभी लोकसभा सीटों पर लड़ेंगे, हम किसी के साथ कोई गठबंधन नहीं करेंगे।” वह एक पार्टी विधायक की शादी में भाग लेने के लिए बठिंडा आए थे। उन्होंने राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस पर हमला बोला और उसके सभी मोर्चों पर असफल रहने का आरोप लगाया।
केजरीवाल ने पंजाब की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुआ कहा, ‘‘ उन्होंने (अमरिंदर सिंह) ने प्रत्येक परिवार में एक नौकरी देने का वादा किया था। उन्होंने कहा था कि अगर कोई बेरोजगार है तो उसे बेरोजगारी भत्ता मिलेगा। लेकिन ऐसा राज्य में ये वादा पूरा नहीं किया। युवा अब बेरोजगार हैं और न ही किसी को भत्ता मिलता है।
उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाने, किसानों का कर्ज माफ करने की बात की थी, युवकों से स्मार्टफोन का वादा किया। केवल बड़े बड़े वादे किए गए और कुछ भी पूरा नहीं हुआ है। पंजाब के लोग उनसे तंग आ गए हैं।’’ केजरीवाल ने कहा कि सिंह ने राज्य से मादक पदार्थों की समस्या को खत्म करने का वादा किया था, लेकिन यह अब भी बनी हुयी है।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर न्यायमूर्ति रंजीत सिंह आयोग की जांच रिपोर्ट पर कार्रवाई करने में नाकाम रहने का भी आरोप लगाया। इससे पहले दिन में केजरीवाल ने बटिंडा (ग्रामीण) से विधायक रूपिंदर कौर रूबी की शादी में भाग लिया। उनके साथ मनीष सिसोदिया भी थे।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।