दिल्ली शराब नीति से जुड़े बहुचर्चित कथित घोटाले मामले में बड़ी राहत देते हुए अदालत ने पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को बरी कर दिया है। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि अभियोजन पक्ष आरोप साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत पेश नहीं कर सका जिसके चलते दोनों नेताओं को आरोपों से मुक्त किया जाता है। बरी होने के बाद अरविंद केजरीवाल मीडिया से बात करते हुए फूट-फूटकर रोए

बरी होने के बाद भावुक रोए केजरीवाल

कोर्ट से बरी होने के बाद आप संयोजक ने कहा कि सत्य की जीत हुई। आजाद भारत का सबसे बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र रचा गया। हमें भ्रष्टााचारी बताया गया। आम आदमी पार्टी के पांच सबसे बड़े नेताओं को जेल में डाल दिया गया। सिटिंग चीफ मिनिस्टर को जेल में घसीटा गया और 6 महीने तक जेल में रखा गया। इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ। हमारे उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को 2 साल तक जेल में रखा गया। हमारे ऊपर कींचड़ फेंका गया। अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार हैं। हमने जिंदगी में बस ईमानदारी कमाई।

सीबीआई को कोर्ट की फटकार

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने कहा कि मनीष सिसोदिया के खिलाफ शराब नीति में कोई आरोप नहीं मिले। कोर्ट ने आगे कहा कि सीबीआई द्वारा लगाया गए आरोप में कोई दम नहीं मिला, कोई आपराधिक षड्यंत्र नहीं मिला। कोर्ट ने कहा कि प्रॉसिक्यूशन अपना केस साबित करने में विफल रहा। यह आदेश विशेष न्यायाधीश जितेंद्र सिंह ने पारित किया। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि अरविंद केजरीवाल को भी बिना किसी ठोस और विश्वसनीय सामग्री के मामले में घसीटा गया।

सभी 23 आरोपियों को अदालत ने बरी किया। न्यायाधीश ने किसी भी आरोपी के खिलाफ आरोप तय करने से इनकार कर दिया। सीबीआई की जांच पर अदालत ने सख्त टिप्पणी की। कोर्ट ने CBI की जांच पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि केजरीवाल और सिसोदिया को बिना ठोस सामग्री के मामले में आरोपी बनाया गया। कोर्ट ने कहा कि सीबीआई द्वारा दायर की गई विस्तृत चार्जशीट में कई खामियां हैं और उसमें लगाए गए आरोप किसी गवाह या बयान से समर्थित नहीं हैं।

अदालत ने साफतौर पर कहा कि मनीष सिसोदिया के खिलाफ प्रथम दृष्टया मामला साबित करने में सीबीआई विफल रही है। केजरीवाल के खिलाफ ठोस साक्ष्य का अभाव है।

सुनीता केजरीवाल की प्रतिक्रिया

कोर्ट का फैसला आने के तुरंत बाद दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने X (Twitter) पर पोस्ट किया, ”इस संसार में कोई कितना भी शक्तिशाली हो जाये,शिव शक्ति से ऊपर नहीं हो सकता। सच की हमेशा जीत होती है। ”