पश्चिम बंगाल के हावड़ा रेलवे स्टेशन के बाहर गंगा घाट से स्टेशन परिसर तक बनी अस्थायी दुकानों और अवैध ढांचों को बुलडोजरों की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। अतिक्रमण हटाने का यह अभियान शनिवार रात चलाया गया। हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल में बीजेपी को बड़ी जीत मिली है।
अतिक्रमण हटाने का यह अभियान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), रेलवे अधिकारियों और हावड़ा नगर पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया।
सुरक्षा कर्मियों को किया गया तैनात
अभियान के तहत अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे क्षेत्र में भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई थी। रेलवे द्वारा जमीन खाली कराने के अभियान के तहत बस स्टैंड और गंगा घाट क्षेत्र के पास फुटपाथ व सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा कर बनाई गयीं कई अस्थायी दुकानों और ढांचों को बुलडोजरों व भारी भरकम मशीनों की मदद से गिराया गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जब कुछ दुकानदारों ने अतिक्रमण हटाने का विरोध करने की कोशिश की तो माहौल तनावपूर्ण हो गया और प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी झड़प और धक्का- मुक्की हुई। बाद में हालात को नियंत्रण में कर लिया गया। रविवार को भी इलाके में पुलिस बल तैनात रहा।
रेलवे ने इसे लेकर हालांकि कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया लेकिन अधिकारियों ने बताया कि यह नियमित अभियान का हिस्सा था। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, कई वर्षों से अतिक्रमण के कारण स्टेशन पर यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। हावड़ा स्टेशन देश के सबसे व्यस्त रेलवे टर्मिनल में से एक है।
दुकानदार बोले- रोजी-रोटी पर पड़ा असर
कुछ फेरीवालों ने आरोप लगाया कि अभियान शुरू करने से पहले उन्हें इस बारे में नहीं बताया गया था। उनका कहना है कि इससे उनकी रोजी-रोटी पर काफी असर पड़ा है। कई व्यापारियों ने कहा कि कुछ दुकानें बरसों पुरानी हैं और उन्होंने अधिकारियों से पुनर्वास या वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की। एक दुकानदार का कहना था कि अगर पुनर्वास नहीं किया गया तो हमें आत्महत्या करनी पड़ेगी।
अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं करेंगे: घोष
बीजेपी शासित एक और राज्य उत्तर प्रदेश में बुलडोजर एक्शन की गूंज लगातार सुनाई देती रही है। बुलडोजर एक्शन को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने कहा है कि जहां भी अवैध निर्माण होगा, वहां बुलडोजर चलेगा।
दिलीप घोष ने लोगों से कानून का पालन करने या कार्रवाई का सामना करने की अपील की है और कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मैं पार्टी दोबारा मजबूत कर लूंगी: ममता
हाल में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के हाथों मिली करारी शिकस्त को आखिरकार पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्वीकार कर लिया है। ममता ने कार्यकर्ताओं से दोबारा पार्टी मजबूत करने का आग्रह किया, पर उन्होंने उन लोगों को भी संदेश दिया जो पार्टी छोड़ना चाहते हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
