अंकिता भंडारी हत्याकांड में अपने बयान को लेकर चर्चा में आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर को सोमवार को कोर्ट से जमानत मिल गई है। उर्मिला पर ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। ACJM कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद उर्मिला की जमानत अर्जी मंजूर की।

हालांकि जमानत मिलने के बाद भी उनकी रिहाई अटक गई है। जमानत के लिए पेश किए गए दोनों जमानतियों के वेरीफिकेशन में कथित गड़बड़ी सामने आई है।

जमानत निरस्त होने की भी खबर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों जमानती फर्जी पाए गए हैं। इसके बाद जमानत रद्द होने की खबर भी सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि के लिए न्यायालय का आदेश और सत्यापन रिपोर्ट मिलना बाकी है।

25 अक्टूबर से जुड़ा है मामला

अभिनेत्री उर्मिला सनावर की वकील प्रीति सिंह चौहान ने बताया, “कोर्ट में लागू धाराओं, उनकी वैधता और क्या इन धाराओं के तहत कोई मामला बनता है, इस पर बहस हुई। बहस के बाद कोर्ट ने जमानत दे दी। जमानत मिलने के बाद की प्रक्रिया के तहत, कोर्ट एक आदेश जारी करती है जिसमें जमानत मंजूर होने की बात कही जाती है। हमें उनकी ओर से जमानत बॉन्ड (bail bonds) जमा करने होंगे।”

आगे उन्होंने कहा, “हम कल 50-50 हजार रुपये के जमानत बॉन्ड जमा करेंगे, जिसके बाद उर्मिला को रिहा कर दिया जाएगा। यह मामला 25 अक्टूबर 2026 को दर्ज एक FIR से जुड़ा है, जिसे पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने दर्ज कराया था। उनका आरोप है कि उन्हें उर्मिला जी के व्हाट्सएप अकाउंट से एक व्हाट्सएप कॉल आई थी, जिसमें कुछ दस्तावेजों के बदले 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। इसी मामले को लेकर FIR दर्ज की गई थी। आज दोपहर 1:00 बजे सुनवाई होनी थी और जमानत मिल गई है।”

इस दौरान BNS की धारा 308(5) और 308(7) पर मुख्य रूप से बहस हुई। दोनों धाराओं में 10 साल तक की सजा का प्रावधान है। वकील प्रीति सिंह चौहान ने दलील दी कि ये धाराएं उर्मिला सनावर के मामले में नहीं बनती हैं। इस पर कोर्ट ने दलील को स्वीकार करते हुए उर्मिला सनावर को जमानत दी।

यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी हत्याकांड में नया मोड़: उर्मिला सनावर का होगा पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट? CBI ने भेजा नोटिस

अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर को नोटिस जारी किया है। इसमें उन्हें 23 अक्टूबर को देहरादून की अदालत में पेश होने के लिए कहा गया है। अदालत में उनसे यह पूछा जाएगा कि क्या वह अपनी मर्जी से पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट कराने के लिए तैयार हैं या नहीं। CBI ने बुधवार को यह नोटिस दिया। इससे पहले जांच एजेंसी की टीम 18 अक्टूबर को भी उनसे करीब चार घंटे तक पूछताछ कर चुकी है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें