आंध्रप्रदेश से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां अनकापल्ली जिले की एक पुष्पा नाम की युवती ने अपने मंगेतर राम को सरप्राइज देने के बहाने बुलाया और फिर उसका गला रेत दिया। पुष्पा की शादी आगामी 20 मई को राम नायुडू के साथ होने वाली थी। इस घटना के बाद शख्स अब अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवती पुष्पा शादी नहीं करनी चाहती थी।
पुलिस के मुताबिक, राम नायुडू माडगुला क्षेत्र का रहने वाला है। राम की शादी राविकामतम गांव की रहने वाली वी. पुष्पा के साथ तय हुई थी। हाल ही में उनकी सगाई भी हुई थी, जिसके बाद परिजन 20 मई को होने वाली शादी की तैयारी भी कर रहे थे। राम नायुडू, हैदराबाद के सीएसआईआर में रिसर्च साइंटिस्ट है। वारदात के दिन वह पुष्पा से मिलने अनकापल्ली गया हुआ था, जहां उसने शॉपिंग भी की। फिर पुष्पा अपने दोस्तों से मिलाने के बहाने उसे एक पहाड़ी पर ले गई थी।
पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि, पुष्पा अपने मंगेतर राम को अमरापुरी की पहाड़ियों पर स्थित एक आश्रम में लेकर गई थी। जहां दोनों ने घंटे भर से ज्यादा समय भी बिताया था। इसके बाद फिर पुष्पा ने राम से कहा कि ‘अच्छा अपनी आंखे बंद करो, मुझे तुम्हें सरप्राइज देना है।’ राम ने अपनी आंखे बंद कर ली लेकिन फिर पुष्पा ने अपने दुपट्टे से उसकी आंखों में पट्टी बांध दी थी।
राम की आंखों में पट्टी बांध देने के बाद पुष्पा ने तेज धार वाले चाकू को राम के गले पर फेर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गई। हालांकि, राम ने गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी 108 पर फोन कर एंबुलेंस बुलाई और अपने परिजनों को जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, लड़की ने पहले घटना को हादसा बताने की कोशिश की, लेकिन उसने मंगलवार को अपना जुर्म कबूल कर लिया। वहीं, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है।
बुचायापेटा के सब-इंस्पेक्टर बी रामकृष्ण ने बताया कि पुष्पा और राम नायुडू की 4 अप्रैल को सगाई हुई थी और उनकी शादी 20 मई को तय हुई थी। मामले में पता चला है कि लड़की को कान से थोड़ा कम सुनाई देता था और वह शादी नहीं करना चाहती थी। पुलिस ने कहा, इंटरमीडिएट तक पढ़ाई करने वाली लड़की ने सोचा था कि उसने जो भी किया इससे वह शादी करने से बच जाएगी। हालांकि, पुष्पा को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।