पुलिस ने आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में एक कक्षा के अंदर ‘चेनसॉ’ से छात्रा पर हमला करने के आरोपी को रविवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, शाम करीब 6:30 बजे उस व्यक्ति ने सुरक्षाकर्मियों पर चाकू से हमला किया, जिसके जवाब में आत्मरक्षा के लिए सुरक्षाकर्मियों ने 6 राउंड गोलियां चलाईं।

आरोपी को अनंतपुर के सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आंध्र प्रदेश पुलिस के एक सूत्र ने बताया, “आरोपी राप्ताडु के पास आत्माकुर के जंगल में छिपा हुआ था। वह पुलिस की हिरासत में नहीं था। उसने अपना फोन बंद कर लिया था और छिप गया था। जंगल में तलाशी के लिए पुलिस की 15 टीमें लगाई गई थीं। जब हमने उसे ढूंढा, तो उसने ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारियों पर हमला कर दिया।”

वेंटिलेटर सपोर्ट पर है छात्रा

इस बीच, 10वीं कक्षा की पीड़ित छात्रा को बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। वह अभी वेंटिलेटर सपोर्ट पर है। उसके महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पैरामीटर (वाइटल पैरामीटर्स) फिलहाल स्थिर हैं।

छात्रा पर उसके स्कूल में ही 21 वर्षीय इस शख्स ने हमला किया था। हमले में छात्रा की गर्दन और पेट पर गहरे घाव आए हैं और उसका दाहिना हाथ लगभग कट गया था।

अस्पताल ने कहा, “अस्पताल पहुंचने पर उसकी हालत बहुत नाजुक थी, चेहरे से लगातार खून बह रहा था, इसलिए उसे तुरंत ऑपरेशन रूम में ले जाया गया। लगभग 11 घंटे तक चली सर्जरी में कई विभागों के विशेषज्ञ शामिल रहे। खून बहना रुकने के बाद उसका ब्लड प्रेशर स्थिर हो गया और उसे खून चढ़ाने (ट्रांसफ्यूजन) की जरूरत भी कम हो गई। अब उसे PICU में शिफ्ट कर दिया गया है, जहां वह अभी भी वेंटिलेटर सपोर्ट पर है।”

अस्पताल ने कहा है कि छात्रा की हालत अभी भी गंभीर है और आगे उसे और सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। हमारी टीमें उसके ठीक होने में मदद करने और उसे बेहतरीन देखभाल देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं।

अस्पताल के मुताबिक, छात्रा के परिवार को उसकी स्थिति के बारे में लगातार जानकारी दी जा रही है।

परिवार से मिले लोकेश नायडू

आंध्र प्रदेश के मानव संसाधन विकास मंत्री एन. लोकेश नायडू ने रविवार को बेंगलुरु के अस्पताल में छात्रा के परिवार से मुलाकात की और डॉक्टरों से बात की। लोकेश नायडू ने कहा कि उन्होंने उसके माता-पिता को भरोसा दिलाया है कि हमारी सरकार हर संभव तरीके से मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि इस जघन्य हमले के दोषी को कानून के तहत सबसे सख्त सजा मिलेगी।

यह भी पढ़ें- गुवाहाटी के होटल में पांच लोगों की हत्या 

गुवाहाटी होटल शूटिंग केस का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। यह सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शख्स को दुकान में घुसते हुए और दूसरे शख्स पर बेहद करीब से गोली चलाते हुए देखा जा सकता है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।