उत्तर प्रदेश में अगले साल ही शुरुआत में चुनाव होना है। बीजेपी दावा कर रही है कि वह उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी लेकिन पश्चिमी यूपी के कई जिले इस बार उसके लिए काफी कठिन साबित हो सकते हैं। पश्चिमी यूपी के सहारनपुर मंडल में पिछली बार बीजेपी को निराशा का सामना करना पड़ा था।

सहारनपुर मंडल में तीन जिले आते हैं। इन तीन जिलों में कुल 16 विधानसभाएं हैं, जिनमें से बीजेपी को सिर्फ सात पर जीत मिली थी। हालांकि यह बात अलग है कि पिछले चुनाव में सपा के साथ मिलकर ताल ठोकने वाली रालोद बाद में योगी आदित्यनाथ सरकार में शामिल हो गई।

सपा-रालोद गठबंधन ने 2022 में यहाँ की कुल नौ सीटों पर जीत दर्ज की थी। इन सीटों में से चार सपा के खाते में आईं जबकि पांच पर रालोद ने जीत दर्ज की। सपा-रालोद गठबंधन ने शामली जिले में क्लीन स्वीप किया। यहां सपा कैराना विधानसभा और रालोद थाना भवन और शामली सीट जीतने में सफल रहीं।

बात अगर मुजफ्फरनगर जिले की करें तो यहां की छह सीटों में से दो पर बीजेपी और चार पर सपा-रालोद गठबंधन ने जीत दर्ज की।  मुजफ्फरनगर जिले की बुढाना, चरथावल, पुरकाजी और मीरापुर सीट पर सपा-रालोद गठबंधन ने जीत दर्ज की थी जबकि बीजेपी को खतौली और मुजफ्फरनगर सीट से संतोष करना पड़ा। बाद में खतौली सीट पर हुए उपचुनाव में रालोद ने यहां भी जीत दर्ज की थी।

इन दो सीटों से उलट सहारनपुर जिले की सात सीटों में से पांच में बीजेपी ने जीत दर्ज की थी। सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर देहात सीट पर सपा ने जबकि सहारनपुर नगर, देवबंद, रामपुर मनिहारन, गंगोह और नकुड़ विधानसभा सीट पर बीजेपी ने जीत हासिल की।

2017 में क्या रहे परिणाम?

साल 2017 में बीजेपी ने सहारनपुर मंडल के इन तीनों ही जिलों में अच्छा प्रदर्शन किया था। वह इन 16 सीटों में से 12 जीतने में सफल रही थी। बीजेपी ने सहारनपुर जिले की सात सीटों में से पांच पर, मुजफ्फरनगर जिले की सभी छह सीटों और शामली की दो सीटों – थाना भवन और शामली पर जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में सपा और कांग्रेस का गठबंधन था, यह गठबंधन बेहट (कांग्रेस), सहारनपुर नगर (सपा), सहारनपुर देहात (कांग्रेस) और कैराना (सपा) सीटें जीतने में सफल रहा था।

सहारनपुर जिले की विधानसभाएंबेहटसहारनपुर नगरसहारनपुर देहातदेवबंदरामपुर मनिहारनगंगोहनकुड़
2022 में कौन जीतासपाभाजपासपाभाजपाभाजपाभाजपाभाजपा
2017 में कौन जीताकांग्रेससपाकांग्रेसभाजपाभाजपाभाजपाभाजपा
मुजफ्फरनगर जिले की विधानसभाएंबुढ़ानाचरथावलपुरकाजीमुजफ्फरनगरखतौलीमीरापुर
2022 में कौन जीतारालोदसपारालोदभाजपाभाजपारालोद
2017 में कौन जीताभाजपाभाजपाभाजपाभाजपाभाजपाभाजपा
शामली जिले की विधानसभाएंकैरानाथाना भवनशामली
2022 में कौन जीतासपारालोदरालोद
2017 में कौन जीतासपाभाजपाभाजपा

इस बार कितने बदलते समीकरण?

साल 2022 विधानसभा चुनाव में सपा और रालोद का गठबंधन था जबकि इस बार रालोद बीजेपी के साथ है। 2017 की तरह कांग्रेस एक बार फिर से सपा के साथ चुनाव लड़ेगी। बीजेपी को उम्मीद है कि रालोद संग गठबंधन जाट वोटों के बिखराव को रोकेगा। शामली और मुजफ्फरनगर जिलों में जाट मतदाताओं की अच्छी तादाद है।

हालांकि यहां रालोद संग सीट शेयरिंग बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती होगा। बीजेपी के सामने एक बड़ा चैलेंज सपा का PDA कार्ड होगा। बीजेपी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि सपा मुस्लिम बहुल सीटों पर PDA कार्ड चल सकती है, जिससे पार पाना पार्टी के लिए बड़ा चैलेंज होगा।

यह भी पढ़ें: यूपी की इन 10 सीटों पर बीजेपी को लगातार मिल रही निराशा, कुछ पर तो एक बार भी नहीं खुला खाता