खालिस्तान समर्थक और वारिस पंजाब दे प्रमुख अमृतपाल सिंह की तलाश में जुटी पंजाब पुलिस ने उसकी गतिविधियों को लेकर विस्तार से जानकरी दी है। पुलिस ने बताया कि वह नांव, नदी, पुल और फिर ऑटो का इस्तेमाल करते हुए हरियाणा तक पहुंचा। पुलिस ने बताया कि टीम उसकी ट्रैकिंग में जुटी है और कई जगह के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए हैं, जिनमें पता चला कि नांव, नदी, पुल और फिर ऑटो का इस्तेमाल करते हुए वह हरियाणा के कुरुक्षेत्र तक पहुंचा, जो कि उसकी लास्ट लोकेशन रिकॉर्ड की गई है।
उन्होंने बताया कि सेखोवाल गांव में एक गुरुद्वारे में अमृतपाल अपने साथी के साथ रुका था। यहां उसने एक बाइक भी बदली और उसके बाद नदी पार करने के लिए नांव मंगवाने की कोशिश की, लेकिन जब उसको नांव नहीं मिली तो उसने नदी पार करने के लिए पुराने पुल का इस्तेमाल किया था।
पंजाब आईजीपी सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि घूमने के बाद अमृतपाल और उसके साथी ने एक ऑटो किराए पर लिया था। इसके बाद ये दोनों हरियाणा के कुरुक्षेत्र पहुंचे और वहीं पर दोनों ने एक महिला के घर पर शरण ली थी। पुलिस को गुरपेज नाम के एक शख्स ने यह जानकारी दी थी कि अमृतपाल और उसका साथी महिला के घर शरण लेने जा सकते हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “हरियाणा पुलिस की मदद से एक महिला बलजीत कौर को गिरफ्तार किया गया। महिला से पता चला कि 19 मार्च की रात पापलप्रीत सिंह और अमृतपाल सिंह दोनों वहीं रुके थे। महिला पापलप्रीत को पिछले दो साल से अधिक समय से जानती है और वह वहां कई बार रह चुका है।”
आईजीपी सुखचैन सिंह गिल ने कहा कि रात को रुकने के बाद अगले दिन वो दोनों वहां से चले गए। उन्होंने आगे कहा कि हम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं, और हमें उम्मीद है कि हम जल्द ही अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार कर लेंगे।