कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के इस आरोप ने कि सहयोगी समाजवादी पार्टी मुसलमानों को नज़रअंदाज करती है, एसपी के कुछ हिस्सों में चिंता पैदा कर दी है। पार्टी नेता निजी तौर पर मानते हैं कि इन बयानों से 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले विपक्ष के मुख्य अल्पसंख्यक वोट बैंक को लेकर धारणा की लड़ाई तेज हो सकती है।

जुलाई 2023 में इंडिया गठबंधन बनने के बाद से, मसूद का यह हमला पहला ऐसा मामला है जिसमें कांग्रेस के किसी वरिष्ठ नेता ने खुलेआम समाजवादी पार्टी पर मुसलमानों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। यह आरोप इसलिए अहम है क्योंकि यह समाजवादी पार्टी के पारंपरिक मुस्लिम-यादव वोट बैंक के मुख्य आधार पर निशाना साधता है।

सपा नेताओं ने टिप्पणियों को किया खारिज

हालांकि, सपा नेताओं ने सार्वजनिक रूप से मसूद की टिप्पणियों को उनके निजी विचार बताकर खारिज कर दिया, लेकिन पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने स्वीकार किया कि यह आरोप राजनीतिक रूप से असहज है क्योंकि यह कांग्रेस के एक प्रमुख मुस्लिम चेहरे की ओर से आया है और पार्टी नेतृत्व ने इसे अस्वीकार नहीं किया है।

एक समाजवादी पार्टी के नेता ने कहा, “सिर्फ बयान ही नहीं, बल्कि कांग्रेस का समर्थन भी इसे असहज बनाता है।” एक अन्य नेता ने कहा कि पार्टी इस बात को लेकर सतर्क है कि कहीं यह नैरेटिव न बन जाए कि सपा के अंदर मुसलमानों को दरकिनार किया जा रहा है, खासकर तब जब वह दलितों और अन्य पिछड़े समुदायों के बीच अपनी पैठ बढ़ाने के साथ-साथ अपने पारंपरिक मुस्लिम-यादव समर्थन आधार को बनाए रखने के लिए काम कर रही है।

इंडिया गठबंधन के भविष्य पर नहीं पड़ेगा कोई असर

समाजवादी पार्टी के एक और नेता ने कहा कि मसूद के बयानों का इंडिया गठबंधन के भविष्य पर कोई असर नहीं पड़ेगा। नेता ने कहा, “गठबंधन का फैसला कांग्रेस और सपा का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा, न कि कोई एक नेता। ये इमरान मसूद के निजी विचार हैं।”

इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए मसूद ने अपनी बात रखने के लिए हाल ही में हुए सुल्तानपुर एनकाउंटर का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “हर कोई पीड़ित के यादव परिवार से मिलने गया, लेकिन कोई भी मुसलमानों से मिलने नहीं गया। सपा मुस्लिम नेताओं को बर्दाश्त नहीं कर सकती।”

मसूद की ये टिप्पणियां 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद कांग्रेस और सपा के बीच बढ़ते तनाव के बीच आई हैं। हालांकि, दोनों पार्टियों ने मिलकर चुनाव लड़ा और राज्य की 80 सीटों में से 43 सीटें जीतीं, लेकिन तब से संगठनात्मक विस्तार, स्थानीय निकाय चुनावों, उपचुनाव रणनीतियों और कांग्रेस द्वारा उत्तर प्रदेश में एक कनिष्ठ सहयोगी बने रहने के बजाय राजनीतिक स्थान फिर से हासिल करने के प्रयासों को लेकर मतभेद सामने आए।

दोनों दलों के नेताओं ने लगातार संकेत दिए हैं कि 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए किसी भी गठबंधन पर नए सिरे से बातचीत करनी होगी। मसूद ने कहा, “हम भीख मांगने वालों की तरह सपा के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। अगर आप गठबंधन चाहते हैं, तो समन्वय समिति की बैठक बुलाकर अंतिम निर्णय लें। इसे आखिरी क्षण तक न छोड़ें।”

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को दिया सीटें बढ़ने का श्रेय

मसूद ने कहा और सपा की लोकसभा सीटों की संख्या 2019 में पांच से बढ़कर 2024 में 37 होने का श्रेय कांग्रेस और विपक्ष के नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को दिया। वहीं, राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस को राज्य की 403 विधानसभा सीटों में से लगभग आधी सीटें दी जानी चाहिए।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय द्वारा मसूद का सार्वजनिक रूप से समर्थन करने से समाजवादी पार्टी और भी नाराज हो गई है। राय ने कहा, “कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है और हम इसे मजबूत करना चाहते हैं। मसूद एक सम्मानित सांसद और अल्पसंख्यक समुदाय के एक मजबूत नेता हैं। हर कांग्रेस कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा है।”

हाल के महीनों में, कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में एक सशक्त पार्टी के रूप में अपनी छवि बनाई है, साथ ही सपा के साथ गठबंधन की संभावना को भी खुला रखा है। हालांकि, पार्टी ने बार-बार इस बात पर जोर दिया है कि सीट बंटवारे की बातचीत आपसी सम्मान के साथ होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें: ’20 रुपये से भी अधिक बढ़ सकता है’, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद से केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में अभी और बढ़ोतरी होगी। दाम 20 रुपये या उससे अधिक भी बढ़ सकते हैं। हमने तीन महीने पहले ही सरकार को आगाह किया था। अब परिस्थिति सरकार के हाथों से निकल चुकी है। सरकार की नामसमझी की कीमत जनता चुकाएगी। न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान उन्होंने नीट पेपर लीक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्रा का भी जिक्र किया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…