Akhilesh Yadav: कभी कांग्रेस पार्टी का गढ़ कहे जाने वाली अमेठी लोकसभा सीट पर भाजपा का कब्जा है। 2019 लोकसभा चुनाव में बीजेपी की स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के इस किले पर कब्जा कर लिया था। अगले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस यहां वापसी कर पाएगी, यह कहना बहुत मुश्किल है। दरअसल समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अमेठी लोकसभा सीट से अपनी पार्टी का प्रत्याशी उतारने के संकेत दे दिए हैं।
समाजवादी पार्टी पिछले कई चुनावों में रायबरेली और अमेठी लोकसभा सीट पर कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में अपना कैंडिडेट उतारने से परहेज करती रही है। अमेठी से अभी तक राहुल गांधी और रायबरेली से उनकी मां व दिग्गज कांग्रेस नेता सोनिया गांधी चुनाव मैदान में उतरती रही हैं। सोनिया इस समय भी रायबरेली से कांग्रेस पार्टी की सांसद हैं।
रविवार को अमेठी के दौरे पर गए समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, ”अमेठी में गरीब महिलाओं की दुर्दशा देखकर मन बहुत दुखी हुआ। यहां हमेशा VIP जीते और हारे हैं, फिर भी यहां ऐसा हाल है तो बाकी प्रदेश का क्या कहना। अगली बार अमेठी बड़े लोगों को नहीं बड़े दिलवाले लोगों को चुनेगा। सपा अमेठी की दरिद्रता को मिटाने का संकल्प उठाती है।” अखिलेश यादव ने ट्वीट के साथ अपने अमेठी के दौरे की कुछ तस्वीरें भी डाली हैं।
क्या रहा था 2019 में रिजल्ट?
अमेठी लोकसभा सीट पर 2019 में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच हुआ था। इस चुनाव में सपा-बसपा के बीच गठबंधन था लेकिन उन्होंने राहुल गांधी के पक्ष में प्रत्याशी नहीं उतारा था। 2019 लोकसभा चुनाव में अमेठी से बीजेपी की प्रत्याशी को 4,68,514 वोट मिले थे जबकि यहं से दो बार के सांसद राहुल गांधी को 4,13,394 वोट नसीब हुए। स्मृति ईरानी ने यह चुनाव 55 हजार वोटों से जीत लिया था।
2014 लोकसभा में 1 लाख 8 हजार से जीते थे राहुल गांधी
2014 लोकसभा चुनाव में पूरे यूपी में नरेंद्र मोदी की लहर थी। तब अमेठी और रायबरेली सीटों पर राहुल गांधी और सोनिया गांधी जीतने में सफल रहे थे। राहुल गांधी ने अमेठी में 1 लाख से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की थी। उन्हें 4,08,651 वोट हासिल हुए जबकि स्मृति ईरानी को 3,00,748 वोट ही नसीब हुए थे। इस चुनाव में भी सपा ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था। तब बीएसपी के प्रत्याशी धर्मेंद्र प्रताप सिंह को 57,716 वोट हासिल हुए थे जबकि आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने अमेठी पहुंचे मशहूर कवि कुमार विश्वास को महज 25,527 वोट ही नसीब हुए।