scorecardresearch

Akanksha Dubey के चाचा ने समर सिंह को लेकर किया बड़ा खुलासा, भोजपुरी एक्ट्रेस के पवन सिंह के साथ काम करने की वजह से था नाराज

26 मार्च 2023 को वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के एक होटल के कमरे में भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

Akanksha Dubey age, Akanksha Dubey suicide, Akanksha Dubey death reason,
Bhojpuri Actress Akanksha Dubey (Source- File Photo)

भोजपुरी फिल्म एक्ट्रेस और मॉडल आकांक्षा दुबे की संदिग्ध आत्महत्या के मामले में उनके चाचा मुन्ना दुबे ने बड़ा खुलासा किया है। अभिनेत्री के चाचा ने बताया कि समर सिंह आकांक्षा के पवन सिंह के साथ काम करने की वजह से नाराज था। मुन्ना दुबे ने बताया कि आकांक्षा पिछले तीन सालों से समर के साथ काम कर रही थी पर वह समय से उसे पैसा नहीं देता था और केवल मिसयूज कर अपना काम निकालता रहा।

आकांक्षा को समय पर पैसा नहीं देता था समर सिंह

आकांक्षा दुबे के चाचा ने बताया, “समर सिंह कभी भी भोजपुरी अभिनेत्री को समय पर पैसा नहीं देता था। पैसे मांगने पर पूरी फीस न देकर कभी पांच-दस हजार रुपए पकड़ा देता था और बाकी पैसा बाद में देने की बात करता था। उसी पैसे से उसने काफी प्रॉपर्टी खड़ी कर ली है। वाराणसी, मुंबई, लखनऊ में बंग्ला खरीदा है।”

समर सिंह के भाई ने दी थी आकांक्षा को धमकी

मुन्ना दुबे ने आगे बताया, “पैसों की जरूरत पड़ने पर जब आकांक्षा समर सिंह के पास अपने पैसे मांगने गयी तो उसने कहा बाद में ले लेना, जिस पर आकांक्षा ने आपत्ति जताते हुए कहा कि आप ऐसा करेंगे तो मैं आपके साथ काम नहीं करूंगी। जिस पर समर सिंह ने कहा कि अगर तुमने ऐसा किया तो अच्छा नहीं होगा।” चाचा ने बताया कि समर के भाई संजय सिंह ने आकांक्षा को धमकी भी दी कि अगर तुम दूसरे के साथ काम करना शुरू करोगी तो तुम्हारे साथ कुछ भी हो सकता है, तुम्हारी हत्या भी करवा देंगे।

मुन्ना दुबे ने बताया, “आकांक्षा जब दूसरे बड़े अभिनेताओं के साथ काम करने लगी तो समर सिंह और उसके भाई के साथ उसके संबंधो में खटास आ गयी। बीच-बीच में उसने आकांक्षा को परेशान करना भी शुरू कर दिया और उस पर कई बार हाथ भी उठाया।” चाचा के मुताबिक, आकांक्षा दुबे ने अपनी मां को बताया कि समर सिंह उसे परेशान करता है, उस पर बंधन लगाता है और उसे खुलकर काम नहीं करने देता। जिस पर उसकी मां ने समर सिंह से सवाल किया कि आप ऐसा क्यों कर रहे हैं जिसका कोई जवाब न देते हुए समर सिंह ने आकांक्षा को टॉर्चर करना जारी रखा। आकांक्षा दुबे के चाचा ने बताया कि आकांक्षा के पवन सिंह के साथ काम करने के बाद उसने रंजिश में वाराणसी ले जाकर घटना को अंजाम दिया।

गौरतलब है कि 26 मार्च 2023 को वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के एक होटल के कमरे में भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे का शव फांसी के फंदे के सहारे लटकता हुआ मिला था। आकांक्षा की मां मधु दुबे ने भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे के अनुसार, समर सिंह और संजय सिंह ने आकांक्षा से तीन साल से करोड़ों रुपयों का काम कराकर पैसा रोका था। मां ने बताया कि 21 तारीख को समर सिंह के भाई संजय सिंह ने आकांक्षा दुबे को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बारे में आकांक्षा दुबे ने खुद उनको फोन से इसकी जानकारी दी थी।

पढें राज्य (Rajya News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 31-03-2023 at 16:56 IST
अपडेट